भास्कर न्यूज | कवर्धा माशिमं रायपुर ने 2024 की वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने से पूर्व विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को दूर करने, पुनर्मूल्यांकन, पुनर्गणना से संबंधित मार्गदर्शन के लिए विशेष हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। हेल्पलाइन सेवा 29 अप्रैल से टोल फ्री नंबर 18002334363 पर उपलब्ध है। इस हेल्पलाइन का उद्देश्य परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में उत्पन्न मानसिक दबाव को कम करना, उन्हें सही मार्गदर्शन देना है। इस पहल में क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक, काउंसलर, कॅरियर गाइडेंस विशेषज्ञ, मंडल के अधिकारी, सहायक प्राध्यापक विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करेंगे। यह सेवा प्रतिदिन दो सत्र में संचालित होगी। सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 व दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक है।


