शव के पास से डबल बैरल शॉटगन मिली, फॉरेंसिक जांच को भेजी गांव हवास में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने संदिग्ध हालातों में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुलदीप सिंह (70) पुत्र मनमोहन सिंह वासी गांव हवास के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से मृतक की लाइसेंसी डबल बैरल शॉट गन बरामद हुई है, जिससे उसने खुद को गोली मारी। थाना मेहरबान से जांच अधिकारी एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। वह गांव में अपने बेटों के साथ रहता था और खुद प्राइवेट ड्राइवर के रूप में काम करता था। उसका एक बेटा गांव पंचायत का सदस्य भी है। सुबह खेतों में खून से लथपथ शव मिला परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुलदीप सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे और घरवालों से बातचीत भी कम कर दी थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब उनका बड़ा बेटा उठा तो पिता घर में नहीं मिले। तलाश करने पर कुलदीप सिंह का शव खेतों में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस्तेमाल की गई डबल बैरल शॉट गन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।


