26 को विस में सत्ता पक्ष को प्रदर्शन कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि एसआईआर के विरोध में 26 अगस्त को सदन के बाहर और सदन के भीतर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी बात हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि यह वोट की हेराफेरी और चोरी है। संविधान के साथ खिलवाड़ है। हमें जो एक मत का अधिकार संविधान ने दिया है़ उसकी रक्षा करनी है। लोकतंत्र और संविधान में विश्वास करने वाली पार्टियों और नेताओं का यह धर्म बनता है। प्रदीप यादव शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और गठबंधन संविधान की रक्षा के लिए लड़ेगी। एसआईआर के विरोध में सरकार प्रस्ताव भी लाएगी। वहीं, विपक्ष के सवालों का सत्ता पक्ष माकूल जवाब देगा। कांग्रेस का संघर्ष लोकतंत्र रक्षा का आंदोलन : कमलेश इधर, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कचहरी स्थित परिसदन में हुई। इसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 26 अगस्त को इंडिया गठबंधन विधानसभा के भीतर और बाहर एसआईआर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करेगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह संघर्ष केवल राजनीतिक नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की आत्मा की रक्षा का आंदोलन है। बैठक में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधायक रामेश्वर उरांव, सुरेश बैठा, भूषण बाड़ा, नमन विकसल, ममता देवी, सोनाराम सिंकू, निशत आलम एवं रामचंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। सूर्या मामले में सरकार का घेराव करेगा एनडीए एनडीए विधायक दल की शुक्रवार को बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान मानसून सत्र को लेकर साझा रणनीति बनी। ब्रीफिंग के दौरान भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर नहीं हुआ, बल्कि उसकी हत्या की गई है। इसके लिए विधानसभा में हम सरकार को घेरेंगे। राज्य सरकार मामले की सीबीआई जांच कराए। इसके अलावा अटल क्लीनिक नाम परिवर्तन, विश्वविद्यालय बिल, यूरिया की कालाबजारी, अतिवृष्टि और ध्वस्त विधि व्यवस्था को भी विधानसभा में उठाएंगे। जायसवाल ने कहा कि अटल क्लीनिक का नाम बदलना पूरी तरह से अटलजी और झारखंड का अपमान है। एनडीए का मानना है कि झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन वाली राज्य सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या कर रही है। आजसू ने कहा… सुदेश को धमकी मामला काफी गंभीर बैठक में आजसू विधायक निर्मल महतो ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो को जान से मारने की मिल रही धमकी को गंभीर बताया। वहीं, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने सभी गंभीर मुद्दों को सदन में साथ मिलकर उठाने की बात कही। बैठक में भाजपा से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक राज सिन्हा, सचेतक नागेंद्र महतो, सत्येंद्र तिवारी, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, देवेंद्र कुंवर, प्रदीप प्रसाद, रोशनलाल चौधरी, पूर्णिमा दास साहू, मंजू कुमारी, उज्जवल दास के अलावा जदयू से सरयू राय भी मौजूद थे।


