मानसून से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन

भास्कर न्यूज | लुधियाना मानसून शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एडीसी (जनरल) रोहित गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें बाढ़ नियंत्रण को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में फैसला लिया गया कि जिले और सभी तहसीलों में 24 घंटे काम करने वाले बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे। इन कंट्रोल रूम में स्टाफ की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाई जाएगी ताकि हर वक्त निगरानी बनी रहे। एडीसी ने एडीसी जगराओं कुलप्रीत सिंह के साथ मिलकर ड्यूटी रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए। रोहित गुप्ता ने कहा कि जून के बाद बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों की पहले से पहचान की जा रही है और जरूरत पड़ने पर वहां से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की योजना भी तैयार की जा रही है। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर काम करने को कहा। फूड सप्लाई, बिजली, स्वास्थ्य, ड्रेनेज, नगर निगम, पंचायत और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखें। एडीसी ने ड्रेनेज विभाग को आदेश दिए कि सभी नालों की तुरंत सफाई शुरू की जाए, ताकि पानी की निकासी में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागों को अपनी इमरजेंसी प्लानिंग तैयार कर लेनी चाहिए, ताकि वक्त पड़ने पर रेस्पॉन्स में देरी न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *