भास्कर न्यूज | जालंधर बीते दिन लाल बाजार में एक ज्वेलरी शॉप के बाहर हुई हिंसक झड़प की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जेबीएम ज्वेलर्स की दुकान में एक साथ कई युवक घुसते हैं और वहां मौजूद दीपू नामक युवक को जबरन बाहर खींचकर उस पर हमला कर देते हैं। सीसीटीवी के अनुसार हमलावरों ने दीपू पर तेजधार हथियारों से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खुले बाजार में हुई इस वारदात से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ बस्ती गुजा इलाके में स्थित कन्हैया ज्वेलर्स से जुड़े आर्थिक लेन-देन को बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एमसीएक्स से जुड़े लेन-देन में सोने के भाव गिरने के बाद पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया। दीपू को अस्पताल पहुंचाने वाले साथी गौरव ने आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष एमसीएक्स का अवैध कारोबार करता है। वहीं दूसरे पक्ष के साहिल का कहना है कि पहले उस पर हमला किया गया था। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं।


