भास्कर न्यूज | जालंधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर जालंधर पुलिस ने शहर चारों तरफ प्रमुख हाईवे पर विशेष नाकाबंदी की हुई थी। रविवार सुबह 11 बजे के करीब थाना लांबड़ा के अधीन आते हाईवे पर एक कार सवार पुलिस का विशेष नाका तोड़कर फरार हो गए। लांबड़ा पुलिस ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख कार सवारों ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ते हुए निकल गए। जब मौके पर मौजूद एक पुलिस कर्मचारी ने बहादुरी दिखाते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने गाड़ी उसकी ओर मोड़ दी। मुलाजिम ने मुस्तैदी दिखाते हुए किनारे कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार, कार सवार युवकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कार के नंबर और आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


