भास्कर न्यूज | सरायकेला जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने बुधवार को कार्यालय सभागार में क्राइम मीटिंग कर जिले को अपराध मुक्त करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी हेडक्वार्टर, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाएं, नियमित पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर भी गंभीर चर्चा हुई। एसपी ने ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान और तेज करने का निर्देश दिया। अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए जागरूकता सह सत्यापन अभियान को और प्रभावी बनाने की रणनीति तय की गई। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में अनुसंधान हर हाल में 60 दिनों के भीतर पूर्ण करने का आदेश दिया। यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए एसपी ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में डायल-112 की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई, जिसमें जिले का औसत रिस्पांस टाइम 8 मिनट 51 सेकंड पाया गया। इसे और बेहतर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया। इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन कार्य को पांच दिनों के भीतर पूर्ण करने, साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध खनन गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। सरायकेला में क्राइम मीटिंग में उपस्थित एसपी व अन्य अधिकारी।


