भास्कर न्यूज |लुधियाना होली के त्योहार पर शहर में रंग खेलने के दौरान कई जगहों पर हुए विवाद हिंसक झड़पों में बदल गए। रंग डालने और महिलाओं से छेड़छाड़ का विरोध करने पर अलग-अलग इलाकों में तेजधार हथियारों से हमले की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए, जबकि सिविल अस्पताल में झगड़ों और हादसों के करीब 150 मामले पहुंचे। कई घायलों की हालत गंभीर है जबकि कम गंभीर लोगों को छुट्टी दे दी गई है। शहर में सुरक्षा के पूरे बंदोबस्त रखने का दावा करने वाली लुधियाना पुलिस की परफार्मेंस दिवाली के बाद दूसरे बड़े त्योहार पर भी बेहद ढीली व लचर दिखाई दी। दैनिक भास्कर ने होली दे दिन शहर के मुख्य नगर चौराहों फाउंटेन चौंक, भारत नगर चौक, दुर्गामाता मंदिर चौक, जगराओं पुल, घंटाघर, पुरानी सब्जी, मंडी नौलखा सिनेमा का दौरा किया तो पाया किसी भी जगह पर कोई टीम तैनात नहीं मिली जोकि होली के नाम पर हुड़दंगियों को रोकती। इसी का नतीजा हुआ कि 24 घंटे में ही 150 मामले पुलिस तक पहुंचे और एफआईआर दर्ज हुई। सिविल अस्पताल चौकी इंचार्ज राज कुमार ने बताया कि होली के दिन अस्पताल में झगड़ों और हादसों के करीब 150 मामले आए हैं। इनमें पांच मौत के मामले भी सामने आए हैं। इनमें दो सड़क हादसे, एक अज्ञात शव, एक जहरीला पदार्थ निगलने और एक छत से गिरने का मामला शामिल है। रंग लगाने को लेकर झगड़े और तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस बार मामलों की संख्या ज्यादा रही। {पहला मामला आजाद नगर इलाके का है। पीड़ित शत्रुघन कुमार ने बताया कि उनके वेहड़े में कपड़ों पर रंग पड़ने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने अपने करीब एक दर्जन साथियों को बुला लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सत्रुधन कुमार (38), उनका भाई मन कुमार (50), लक्ष्मण कुमार (45) और भतीजा अमित कुमार (28) घायल हो गए। सत्रुधन ने बताया कि हमलावरों को देखकर उन्होंने परिवार के साथ कमरे में बंद होकर बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर हमला कर दिया। घायलों ने सिविल अस्पताल में इलाज के बाद थाना सलेम टाबरी में शिकायत दी है। दूसरी घटना टिब्बा रोड स्थित गीता नगर की है। यहां एक महिला ने जबरन रंग डालने से मना किया तो करीब एक दर्जन लोगों ने घर में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अर्जुन कुमार (34), इंदर (39) और अरुण कुमार (32) घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में इलाज के बाद थाना टिब्बा में शिकायत दर्ज करवाई गई। {तीसरा मामला कैलाश नगर इलाके का है, जहां होली के दौरान महिला पर रंग डालकर छेड़छाड़ करने से मना करने पर एक दर्जन लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में अंजली (32), आकाश गुप्ता (21) और राज कुमार (38) घायल हो गए। घायलों को लोगों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पीड़ितों ने थाना बस्ती जोधेवाल में शिकायत दर्ज करवाई है। {वहीं गांव दरिया, डेहलों में लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आधा दर्जन युवकों ने अक्षय कुमार (20) पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। {एक अन्य घटना में गोपाल नगर में बाइक सवार युवकों ने गौरव कुमार (20) और उसके मौसेरे भाई मनोज कुमार पर दात और किरपानों से हमला कर दिया। हमले में गौरव की हालत गंभीर बनी हुई है। झगड़ा नाना की मौत के कारण रंग डालने से मना करने से हुआ।


