भास्कर संवाददाता | पाली रणकपुर में 21 और 22 दिसंबर को होने वाले रणकपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एलएन मंत्री और एसपी आदर्श सिंधु ने बुधवार को आयोजन स्थल का जायजा लिया। कलेक्टर ने सूर्य मंदिर और अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों की बैठक लेकर महोत्सव में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने व पानी, बिजली, सफाई और सुरक्षा की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पर्यटन विभाग, जोधपुर के अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान ये जानकारी दी कि दो दिवसीय महोत्सव में रोमांचक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा। आयोजनों में हॉट एयर बैलून (माना के पास हेलीपैड पर) रियायती दरों पर जंगल जीप सफारी, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, हॉर्स शो, काइट फ्लाइंग और रणकपुर मंदिर में दीपदान शामिल हैं। सांस्कृतिक संध्या में एक दिन जोनल कलाकार प्रस्तुति देंगे, जबकि दूसरे दिन मशहूर लोक कलाकार मामे खान की म्यूजिकल नाइट आकर्षण होगी। इसके अलावा, साफा बांधने, म्यूजिकल चेयर और चम्मच रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी होगी। कलेक्टर मंत्री ने खान-पान और पेयजल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए भी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, ओम प्रभा, शैलेन्द्र सिंह, देसूरी उपखंड अधिकारी और पर्यटन विभाग की सरिता फिडोदा सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


