भास्कर संवाददाता | सीकर गांव रेटा निवासी जितेंद्र मीणा ने जीणमाता थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित का आरोप है कि 14 फरवरी की रात को डेढ़ बजे जीणमाता में दीपक पाराशर वन विभाग की जमीन पर निर्माण कार्य कर रहा था। इसकी शिकायत उसने संपर्क पोर्टल भी कर रखी थी। आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचा तो वन विभाग की टीम निर्माण कार्य को रुकवा रही थी। उसके द्वारा शिकायत करने की जानकारी जब दीपक पाराशर को हुई तो वह अपने साथियों के साथ उसके साथ मारपीट करने लगा। गालियां निकालते हुए कपड़े खुलवा कर वीडियो बनाने की धमकी दी। शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और पकड़ कर बैठा लिया। इस दौरान इधर से गुजर रहे अनिल मारोठिया व मुकेश ने उसे छुड़ाकर बचाया। आरोप है कि दीपक व उसके साथियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। दो दिन से अज्ञात लोगों द्वारा उसका पीछा किया जा रहा है। परिवादी ने दीपक पाराशर द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है।


