मारपीट मामले का खुलासा, चार आरोपी धराए

भास्कर न्यूज | गढ़वा एक युवक विकास कुमार के साथ मारपीट व मोबाइल तोड़ने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस संबंध में 4 जनवरी को गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेतना गांव निवासी विकास कुमार (उम्र 22 वर्ष), पिता स्व. भरत प्रसाद साह ने लिखित आवेदन देकर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गाली-गलौज, मारपीट कर जख्मी करने और मोबाइल क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सूचक विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि वह गढ़वा क्षेत्र में विभिन्न दुकानों एवं व्यवसायियों के लिए विज्ञापन और प्रमोशन वीडियो बनाता है। उन्होंने बताया कि 3 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम बधमनवा निवासी राहुल कुमार नामक व्यक्ति ने फोन कर उनसे संपर्क किया। राहुल कुमार ने बताया कि उसे “पतल मशीन” बेचनी है और इसके प्रचार-प्रसार के लिए यूट्यूब पर वीडियो बनवाना चाहता है। इसके बाद विकास कुमार अपने साथी आनंद कुमार के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे और वहां वीडियो शूट किया। वीडियो बनाने के बाद जब दोनों अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान पहले से घात लगाए कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने साजिश के तहत उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए विकास कुमार और उनके साथी आनंद कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। इस दौरान आरोपियों ने विकास कुमार का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। किसी तरह जान बचाकर दोनों वहां से भागने में सफल रहे। विकास कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरी घटना को विकास माली के माध्यम से अंजाम दिलवाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। जांच के क्रम में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर इस संलिप्त लोगों की पहचान की गई। पुलिस जांच में यह सामने आया कि इस घटना में राहुल कुमार पिता लालजी राम, निवासी ग्राम बधमनवा; मनोज ठाकुर पिता शिवधर ठाकुर, निवासी दिपुवा मुहल्ला; विवेक दूबे पिता छवीनाथ दूबे, निवासी देवनकारा थाना मझिआंव; तथा सतीश कुमार यादव पिता कमलेश यादव, निवासी बिजली कॉलोनी के पीछे विशुनपुर थाना गढ़वा की संलिप्तता पाई गई है। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जो चिनिया क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *