फलोदी पुलिस ने मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी मुकेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी जैसलमेर जिले के सूजासर सरणायत, रामदेवरा का निवासी है। इस मामले में पुलिस पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पिकअप से जबरन उतारा और मारपीट की मामला 28 अप्रैल को नारायणराम निवासी सावतसर दयासागर खारा ने दर्ज कराया गया था। शिकायत के अनुसार, 27 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे वह अपने भाई भागीरथराम के साथ पिकअप गाड़ी में खारा-सांवरीज चौराहा से गुजर रहे थे। इसी दौरान, श्रवण सियाग निवासी एकलखोरी और चार-पांच अन्य व्यक्ति बोलेरो कैंपर व पिकअप में सवार होकर आए। उन्होंने नारायणराम की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उसे टक्कर मारी। सभी आरोपी वाहनों से नीचे उतरे और नारायणराम व भागीरथराम को जबरदस्ती उनकी गाड़ी से उतार लिया। आरोपियों ने लाठियों और सरियों से जान से मारने की नीयत से दोनों भाइयों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वारदात में काम में ली गई बोलेरो कैंपर भी जब्त मामले की जांच के लिए एएसआई बाबूराम के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब, इसी प्रकरण में वांछित और फरार चल रहे आरोपी मुकेश विश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त किया है।


