भास्कर न्यूज | संगरूर फरवरी माह में बारिश नहीं होने से मौसम पूरी तरह से ड्राई बना रहा है। न तो अच्छे ढंग से बारिश हो पाई और न ही कोहरा पड़ा है। जिस कारण सर्दी का मौसम 20 से 25 दिन पहले ही चला गया है। बारिश नहीं होने से इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिला है। 20 फरवरी से लेकर 1 मार्च तक तापमान समान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक चल रहा है। अभी से लोगों को गर्मी ने सताना शुरू कर दिया है। अब मार्च माह के पूरे माह में ही गर्मी से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मार्च माह के पहले रविवार को दिन का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है। जिस कारण दोपहर 3 बजे के समय शहर की सड़कें गर्मी के दिनों की तरह सूनी दिखाई दी है। यह तापमान इस मौसम में सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 1 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है। मार्च माह के पहले दिन रविवार की शुरूआत हल्की ठंडी हवाओं के साथ हुई। लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ता गया उसी तरह धूप का प्रभाव भी अधिक होता चला गया। सुबह 9 बजे शुरू हुई धूप की तपिश शाम 4 बजे तक बरकरार रही है। हालांकि सुबह और शाम अभी ठंडी है जिस कारण लोगों को कुछ राहत मिल रही है। पिछले वर्ष की बात की जाए तो 1 मार्च को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बार दिन का तापमान 4 डिग्री अधिक है। लगातार पड़ रही तेज धूप का असर गेहूं की फसल पर पड़ने की संभावना है क्योंकि गेहूं की फसल के पकते समय ठंड लाभदायक मानी जाती है। लेकिन पिछले 15 दिनों से पड़ रही तेज धूप के कारण गेहूं का दाना जल्द पकने की संभावना है जिसका असर पैदावार पर पड़ सकता है। अशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी के कारण गेहूं की पैदावार में प्रति एकड़ 3 से 4 क्विंटल की कमी आ सकती है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। आगामी 5 दिन तेज धूप निकलने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 1 डिग्री बढकर 31 और न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री बढ़कर 14 पर जा सकता है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण वीरवार तक अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री पर जाने की संभावना है। एक दम बदले मौसम का असर सेहत पर भी पड़ना शुरू हो गया है। लोग खांसी, जुकाम, गला दर्द और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। माहिरों के अनुसार इस मौसम में घर में एक बीमार हुआ तो सब पर खतरा बढ़ने की अशंका हो जाती है। सिविल अस्पताल में तैनात एमओ डॉ. हिमांशू गर्ग ने बताया कि पिछले दिनों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। मौजूदा मौसम में लोग ठंडी वस्तुओं का सेवन न करे। क्योंकि आईसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और फ्रिज का ठंडा पानी परेशानी बढ़ा सकता है। यदि कोई घर में एक बीमार है तो दूसरे सदस्यों को दूरी बनाकर रखनी चाहिए। खांसी या छीक आने पर मुंह ढकना जरूरी है। हो सके तो दिन में दो से तीन बार हल्के गर्म पानी से गरारे जरूर करें। बुखार खांसी और गले में खराश होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।


