माल मंडी में 9 साल पहले बनाए 416 फ्लैट्स बदहाल, गलियां बनी गंदा नाला, बिजली-पानी तक नसीब नहीं

शुभेंदु शुक्ला| अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए बुनियादी सेवाएं (बीएसयूपी) स्कीम के तहत 9 साल पहले 2016 में माल मंडी में करोड़ों रुपए की जमीन पर करीब 416 फ्लैट बनवाए थे मगर ट्रस्ट अफसरों की लापरवाही के कारण बिजली-पानी तो नसीब नहीं हो सका और गलियां टूटकर गंदा नाला बन चुकी हैं। ट्रस्ट का 27 लाख रुपए बिजली बिल बकाया होने पर पावरकॉम ने बीते 26 मई को कनेक्शन काट दिया गया। लोगों का कहना है कि फ्लैट में रह रहे डाला राम (50) की बीते सोमवार को रात 11 बजे गर्मी से दम घुटने से मौत हो गई। बिजली कनेक्शन काट दिए जाने पर परेशान फ्लैट के लोग उसी दिन ट्रस्ट दफ्तर पहुंचकर चेयरमैन से गुहार लगाई थी। जिस पर उन्होंने एक्सईएन की ड्यूटी लगाते हुए कनेक्शन बहाल कराने का भरोसा दिलाया। जिसके बाद एक्सईएन ने पावरकॉम के अफसरों से बात कर बिल भरने का भरोसा दिलाया मगर फिर भी कनेक्शन जोड़ा नहीं गया। एडीसी जनरल की तरफ से एलआईजी फ्लैटों से अवैध कब्जा हटाने के लिए बीते 7 मई को ड्यटी मजिस्ट्रेट लगाते हुए कार्रवाई के लिए ऑर्डर दिया था मगर न तो मजिस्ट्रेट पहुंचा न ही पुलिस। वहीं बीते 6 मई को ही निगरान इंजीनियर ट्रस्ट ने ऑर्डर निकाला था कि 7 मई को एलआईजी फ्लैट पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी है। स्टॉफ को मौके पर पहुंचना होगा लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी। हैरान करने वाली बात है कि प्रशासन-पुलिस भी मान रही है कि अवैध कब्जा किया गया है लेकिन कार्रवाई लटका क्यों दी जाती है, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। माल मंडी फ्लैट यूनियन के प्रधान रामचंद्र ने कहा कि गर्मी में उमस के कारण दम घुटने से डाला राम की मौत हुई है। इतनी भीषण गर्मी में ही बिजली कनेक्शन काटने की क्या जरूरत थी। सर्दी के मौसम में काट गए होते तो आज यह नौबत नहीं आती। हर किसी को यह पता है कि यहां गरीब तबके के लोग रह रहे हैं। कहते हैं कि आम आदमी की सरकार है, लेकिन कोई स्थानीय नेता यहां झांकने तक नहीं आता है। बीते 26 मई को ट्रस्ट चेयरमैन से मुलाकात कर सारी जानकारी देकर गुहार लगाई थी लेकिन कोई हल नहीं निकला। 2016 में 45-45 हजार रुपए में 180 लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित किया किया गया। जबकि 226 में ट्रस्ट अफसरों की मिलीभगत से रसूखदारों को कब्जा दे दिया । 37 दिन पहले फ्लैट में रह रहे लोग ट्रस्ट चेयरमैन से सुविधाएं उपलब्ध कराने व अवैध कब्जा हटाने को फरियाद लगाई थी। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि हटवा दिया जाएगा। लेकिन आश्वासन तक ही सीमित रह गया। ^फ्लैट के लोगों को जो भी मुश्किलें आ रही थी। उनका निपटारा कराने के लिए एक्सईएन अमनदीप को बोला था। मामले में क्या कार्रवाई की गई रिपोर्ट लेंगे। करमजीत सिंह रिंटू, चेयरमैन ट्रस्ट ^ट्रस्ट ने कंस्ट्रक्शन करने के लिए 11 केवी का टेंपरेरी कनेक्शन पिछले 3 साल से लिया था जिसे 2 साल में रिन्यू कराना होता है जो नहीं कराया गया। जिसके लिए ट्रस्ट को कई लैटर भी लिखे गए। बिजली का बिल 27 लाख रुपए बकाया पहुंच गया था। बीते 26 मई को कनेक्शन काटने के बाद ट्रस्ट के एक्सईएन का फोन आया कि बिल भर देंगे। फिर भी बिल नहीं भरा गया है। इंजी. हरदीप सिंह सेखों, एक्सईएन, पावरकॉम ^ मेरे पास उस इलाके का चार्ज नहीं है। बरजिंदर एक्सईएन हैं। उनसे जानकारी मिल पाएगी। अमनदीप सिंह, एक्सईएन ट्रस्ट ^ मेरी तैनाती लुधियाना में है। 27 मई को ही एडिश्नल चार्ज एक्सईएन का अमृतसर ट्रस्ट में मिला है। इस बारे उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बरजिंदर, एक्सईएन ट्रस्ट मृतक के ससुर दिलीप (70) ने बताया कि वह भी यहां फ्लैट में ही रहते हैं। मृतक डाला राम की 7 बेटियां तो 2 बेटे हैं। पत्नी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। भीषण गर्मी के बीच पॉवरकाम वालों ने कनेक्शन काट दिया। अचानक ही रात में डाला को घबराहट होने लगी इसके बाद अचानक उसकी मौत हो गई। जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गरीबों की आवाज सुनने का समय सरकार-प्रशासन किसी के पास नहीं हैं। वोट मांगने के लिए बेशक नेता यहां हाथ जोड़ने आते रहे हैं लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराते। फ्लैट में रह रहे बाबूलाल हार्ट के मरीज हैं। हार्ट की सर्जरी भी करवाई है। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच लाइट न होने से उन्हें भी घबराहट होती है। ^फ्लैट में रह रहे लोग डीसी दफ्तर आकर मुलाकात कर सकते हैं। जो भी मुश्किलें आ रहीं उन्हें दूर कराया जाएगा। साक्षी साहनी, डीसी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *