बांसवाड़ा| सिटी ऑफ 100 आइलैंड के नाम से मशहूर बांसवाड़ा में माही महोत्सव-2025 को लेकर कार्यक्रम तय कर लिया गया है। 27 से 30 जनवरी तक विविध आयोजनों के साथ महोत्सव मनाया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर परिषद् और पर्यटन विभाग के सांझे में अलग-अलग दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली है। सोमवार को कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव व एडीएम अभिषेक गोयल ने पत्रकारों को चर्चा में कार्यक्रमों की जानकारी दी। 27 को कुशलबाग से शोभायात्रा के साथ माही महोत्सव शुरू होगा। इसी दिन शाम को कागदी घाट पर दीपदान किया जाएगा। इसके अलावा अन्य दिनों में कुशलबाग मैदान में लेजर शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बॉलीवुड नाइट, ड्रोन शो महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा। चार दिवसीय महोत्सव में यह होंगे कार्यक्रम -27 जनवरी: दोपहर 3 बजे कुशलबाग मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6 बजे कागदी घाट पर दीपदान का कार्यक्रम होगा। -28 जनवरी: दोपहर 2 से 4 बजे तक नगर परिषद् कॉम्पलेक्स हॉल में चित्रकला प्रतियोगिता, शाम 7 बजे कुशलबाग मैदान में लेजर शो और रात 8 बजे से कुशलबाग मैदान में बॉलीवुड नाइट में सांस्कृतिक कार्यक्रम और बॉलीवुड गायक प्रस्तुति देंगे। -29 जनवरी: सुबह 7 बजे से कुशलबाग मैदान से रन फॉर माही, सायं 6 बजे डायलाब तालाब घाट पर दीपदान और रात 8 बजे से कुशलबाग मैदान में शहर की महिला समितियों द्वारा नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। -30 जनवरी: प्रातः 11 बजे गेमन पुल माही माता मंदिर पर माही माता पूजन, प्रातः 11ः30 बजे से गेमन पुल पर नौका दौड़ प्रतियोगिता होगी। शाम 4 बजे से कुशलबाग मैदान में शहर की महिला समितियों द्वारा महिला पारंपरिक परिधान पर आधारित फैशन शो, शाम 7 बजे कुशलबाग मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक भाग लेंगे। रात 9ः30 बजे कुशलबाग मैदान में ही ड्रॉन शो का आयोजन किया जाएगा। यह नया रहेगा: जगमेरू हिल, आला पर पैराग्लार्ईडिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम महिला समितियों के जिम्मे एडीएम ने बताया कि माही महोत्सव 2025 को कई मायनों में खास बनाया गया है। जगमेरू हिल, आला बरोड़ा पर पैराग्लाईडिंग का कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगा। इसके अलावा महोत्सव से समाजों को ज्यादा से ज्यादा जोड़ने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी अलग-अलग समाज की महिला मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है। 29 जनवरी की रात आयोजित होने वाली सांस्कृतिक कार्यक्रम महिला समितियों द्वारा ही आयोजित होंगे। आयोजक, निर्णायक और प्रतिभागी महिलाएं ही होंगी।


