जोधपुर के पोलिटेक्निक कॉलेज परिसर में मारवाड़ कन्वेंशन सेंटर के पास चल रहे ‘माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन’ (MGC2026) में शनिवार को सियासी पारा चरम पर रहेगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात को ही जोधपुर पहुंच गए और आज सुबह 11:30 बजे महाकुंभ में शामिल होकर समाजबंधुओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में उनके साथ केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे। कल स्पीकर बिरला ने किया शुभारंभ इससे पूर्व, शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय महाधिवेशन का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पूर्व नरेश गज सिंह भी मंचासीन रहे। बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि माहेश्वरी समाज ने देश के आर्थिक और सामाजिक बदलाव में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने समाज से ‘वैदिक भारत से वैश्विक भारत’ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। आज शाह और सीएम का संबोधन तय कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह सुबह बीएसएफ कैंप से रवाना होकर सीधे कन्वेंशन डोम पहुंचेंगे। वे यहां दोपहर 1 बजे तक रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ मंच साझा करेंगे। शाह और शर्मा समाज के ‘विजन-2047’ और राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की भूमिका पर बात कर सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से पोलिटेक्निक कॉलेज और आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दिग्गज उद्योगपति साझा करेंगे अनुभव
कन्वेंशन में आज ‘फाइनांशियल डिसिप्लिन’ (वित्तीय अनुशासन) पर एक टॉक शो का आयोजन होगा। इसमें आनंद राठी ग्रुप के संस्थापक आनंद राठी, श्री सीमेंट के एमडी हरि मोहन बांगड़, सोलर इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एस.एन. नुवाल और महावीर लोहिया अपने अनुभव साझा करेंगे। वहीं, प्रसिद्ध निवेशक मधुसूदन केला ‘स्केलिंग लिगेसी बिज़नेस’ (पारिवारिक व्यापार का विस्तार) विषय पर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। टेक्नोलॉजी और AI पर विशेष सत्र
युवा उद्यमियों के लिए तकनीक और एआई (Artificial Intelligence) पर विशेष सत्र रखे गए हैं। जोहो कॉर्पोरेशन (Zoho) के श्रीधर वेणु ‘डे-टू-डे बिज़नेस में एआई का उपयोग’ विषय पर बात करेंगे। वहीं, ट्विटर इंडिया के पूर्व प्रमुख मनीष माहेश्वरी ‘ब्रांड निर्माण’ (How to create a Brand) पर अपने विचार रखेंगे। जेन-जी (Gen-Z) की जीवनशैली को समझने के लिए अभय भुतड़ा और प्रीतेश शारदा का विशेष सत्र होगा।


