फरवरी की शुरुआत के साथ ही सर्दी सीजन का आखिरी दौर शुरू हो गया है। इस पूरे माह मिला-जुला मौसम रहेगा। दोपहर में गर्मी तो सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा। पहले सप्ताह में हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी। इसके बाद बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हिमांशु शर्मा के अनुसार न्यूनतम तापमान पूरे माह औसत के करीब ही रहेगा। अधिकतम तापमान महीने के अंत तक औसत से ऊपर जाएगा। वहीं कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हो रहा है। इस वजह से बारिश भी सामान्य ही होगी। फरवरी में बारिश का औसत 1.3 मिमी है। उधर, माह के पहले ही दिन वसंत ऋतु की झलक दिखाई दी। दिनभर 25-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट हुई। यह 24.7 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री गिरकर 6.4 डिग्री रहा। फरवरी में दिन के पारे का औसत 27.9 डिग्री और रात का 10.3 डिग्री तय है। डबोक में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री गिरकर 27.2 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 1.1 बढ़कर 9.5 डिग्री रहा। फरवरी के रिकॉर्ड
15 फरवरी 1993 : सबसे अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रहा था।
22 फरवरी 1984 : अब तक की सबसे सर्द रात रही। तब पारा माइनस 1.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था।
साल 1970 : अब तक की सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश हुई थी। पहला सप्ताह – हल्की बारिश होने की संभावना है। 3 फरवरी को बादल व 4 फरवरी तक दिन में हल्के बादल के साथ बूंदाबादी की संभावना है। 4-5 फरवरी को रात के तापमान में गिरावट होगी। दूसरा – मौसम मुख्यत शुष्क रहेगा। दिन व रात का तापमान औसत से एक से दाे डिग्री ज्यादा रहेगा। दोपहर में गर्मी का अहसास होगा। रात में हल्की ठंड रह सकती है। तीसरा – मौसम मुख्यत शुष्क रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान भी सामान्य के करीब ही या इससे ऊपर निकल सकता है। चौथा – सबसे ज्यादा गर्मी इसी सप्ताह में पड़ेगी। मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसत से 2 से 3 डिग्री ज्यादा रह सकता है। दिन के मुकाबले रात के पारे में तेजी से बढ़ोतरी होगी। बारिश – बीते 12 साल में फरवरी में एक भी बार अच्छी बारिश नहीं हुई। साल 2024 में मात्र 0.2 मिमी बारिश हुई थी। इसके अलावा फरवरी अमूमन सूखा ही बीतता है। दिन का पारा – पिछले 12 सालों के आंकड़ों पर गौर करें तो फरवरी के दूसरे पखवाड़े से ही गर्मी का असर तेज होना शुरू हो जाता है। हर साल इस दौरान दिन का पारा 30 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है। जो 35 डिग्री तक भी जा सकता है। रात का पारा – फरवरी के शुरुआती 10 दिन ही पूरे महीने का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहता है। यह 3 से 7 डिग्री तक जाता है। फरवरी के दूसरे पखवाड़े में रात के पारे में भी बढ़ोतरी शुरू हो जाती है। यानी सुबह-शाम की ठंड भी फीकी पड़ने लग जाएगी।


