भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ कुडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने थर्ड छत्तीसगढ़ कुडो चैंपियनशिप कप का आयोजन 4 से 6 अप्रैल तक स्वामी विवेकानंद सभा कक्ष पद्मानाभपुर दुर्ग मंे किया। इसमें छत्तीसगढ़ के 15 जिलों के बालक-बालिका के सब जूनियर और जूनियर व महिला-पुरुष वर्ग में सीनियर कैटेगरी में लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला कुडो संघ एमसीबी से सीनियर महिला वर्ग 21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग मे प्रभावती ने स्वर्ण पदक व राशि पनिका ने कांस्य पदक जीता। साथ ही जूनियर बालिका 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और 21 वर्ष से कम आयु वर्ग में सानिया सेन ने रजत पदक जीता। तीनों खिलाड़ियों ने जीत हासिल कर अपने माता-पिता व जिले का नाम रोशन किया। जिला कुडो संघ एमसीबी के सचिव मुख्य प्रशिक्षक व रेफरी हेमलाल पनिका व कुडो संघ के सदस्य व पदाधिकारियों ने विजयी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और मई मंे होने वाले राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन होने की बधाई दी। कुडो एक मिक्स मार्शल आर्ट्स खेल है और यह खेल छत्तीसगढ़ शासन के खेल व युवा कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है। जिला कुडो संघ एमसीबी द्वारा मनेंद्रगढ़ में इस खेल को आगे बढ़ाने उचित साधन-सुविधा की जरूरत तो है ही, साथ ही खेल से संबंधित सामग्री की भी आवश्यकता है। अभाव के बावजूद जिला कुडो संघ बालक-बालिकाओ को खेल के माध्यम से शारीरिक आैर मानसिक लाभ देने का प्रयास कर रही है।


