भास्कर न्यूज| लुधियाना मिक्स लैंड यूज़ और रिहायशी इलाकों में चल रही इंडस्ट्री की समस्याएं अब सीधे सरकार तक पहुंचेंगी। इसी उद्देश्य से स्माल स्केल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के प्रधान जसविंदर सिंह ठुकराल ने चेत सिंह नगर में आयोजित सविंद्र बैठक में यूसीपीएमए के वरिष्ठ सदस्यों के साथ रणनीति बनाई। बैठक में फैसला लिया गया कि आगामी माह होने वाले चुनाव में यूसीपीएमए अपने उम्मीदवार उतारेगी। ठुकराल ने कहा कि यूसीपीएमए एशिया की सबसे बड़ी संस्था मानी जाती है और इसके मंच से उठाए गए मुद्दों को सरकार अनदेखा नहीं कर सकती। मिक्स लैंड यूज़ और रिहायशी क्षेत्रों में चल रही फैक्ट्रियों को किसी भी सरकार ने अब तक स्थायी समाधान नहीं दिया। इसलिए इस बार इंडस्ट्री से जुड़े लोग इस मुद्दे को चुनावी एजेंडा बनाएंगे। उन्होंने बताया कि मोहल्लों में चल रही इंडस्ट्री के हितों की रक्षा के लिए उद्यमियों को संगठित किया जा रहा है। लगातार मोहल्ला स्तर पर बैठकें हो रही हैं ताकि हर फैक्ट्री संचालक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। जैसे ही चुनाव की तारीख घोषित होगी, उम्मीदवारों के नाम भी सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। ठुकराल ने कहा कि एसोसिएशन में शामिल होकर उद्यमी अपनी समस्याओं की आवाज़ सरकार तक पहुंचा सकते हैं और समाधान के लिए दबाव बना सकते हैं। यह लड़ाई सिर्फ एक संगठन की नहीं, पूरे लुधियाना की इंडस्ट्री के अस्तित्व की है। इस बैठक में अशोक पब्बी, सविंद्र सिंह हूंझण, सुमेश कोछड़, विक्की दरगा, स्वर्ण सिंह उभी, रजिंदर सिंह सोहल, जनकराज, अमरजीत सिंह पुलमेन, प्रगट सिंह, हरदीप सिंह सोहल और स्वर्ण सिंह सग्गू समेत कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।


