प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना को लेकर ईपीएफओ ने नियोक्ताओं को जागरूक किया

भास्कर न्यूज| लुधियाना कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत उद्योग जगत को जागरूक करने के लिए लुधियाना में फीको (फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल ऑर्गनाइजेशन) के सहयोग से संवादात्मक सत्र आयोजित किया। इस सत्र में योजना के तहत नियोक्ताओं और कर्मचारियों को मिलने वाले प्रोत्साहनों और लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I सौरभ स्वामी मौजूद रहे। उनके साथ क्षेत्रीय आयुक्त पारितोषदीप सिंह सेखों और ईपीएफओ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। फीको अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की शुरुआत की। सौरभ स्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना उद्यमों को मजबूत करने, कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों से इस योजना का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। पारितोष दीप सिंह सेखों ने योजना की तकनीकी और प्रक्रियागत जानकारी साझा की। उन्होंने नियोक्ताओं के सवालों के विस्तार से जवाब भी दिए। ईपीएफओ अधिकारियों ने योजना पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत कर सभी प्रमुख बिंदुओं को सरल तरीके से समझाया। कार्यक्रम के अंत में सहायक भविष्य निधि आयुक्त जगदीश ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और सभी से भविष्य की सरकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *