अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र के छेरत में शनिवार देर शाम गड्ढे से चिकनी मिट्टी निकालने के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। अचानक मिट्टी की ढ़ाय गिर गई और उसमें दो महिलाएं और 3 बच्चे दब गए। जिसके बाद चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े और राहत काम शुरू किया। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो महिलाओं और एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। पड़ोसी के प्लाट से मिट्टी लेने गए थे सभी जवां थाना क्षेत्र के छेरत में गांव के ही वीरू सिंह का खेत है। जिसमें इस समय प्लाटिंग हो रही है। वीरू सिंह ने एक प्लाट एक अन्य व्यक्ति को बेंच दिया है, जिसमें प्लाट स्वामी ने मिट्टी निकालकर गड्ढ़ा बना दिया है। इसमें चिकनी मिट्टी है, जिसे लेने के लिए आसपास के लोग आते रहते हैं। शनिवार को शाम लगभग 8-9 बजे के आसपास गांव की ही मछला देवी पत्नी ब्रह्म दत्त अपनी बेटी 9 वर्षीय शिवानी के साथ मिट्टी लेने गई थी। उनके साथ गांव की क्रांति देवी पत्नी रामू, 9 वर्षीय रितिक पुत्र रामू और प्रियंका पुत्री प्रमोद उर्फ पिंटू भी गए हुए थे। सभी गड्ढ़े के अंदर उतरकर मिट्टी ले रहे थे। तभी इसकी ढ़ाय गिर गई और सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रियंका और रितिक की हुई मौत, बाकी ICU में हादसे में सभी पांच लोग मिट्टी में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पहुंची क्षेत्रिय पुलिस ने तत्काल सभी को नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने 9 वर्षीय रितिक पुत्र रामू और 9 वर्षीय प्रियंका पुत्री प्रमोद को मृत घोषित कर दिया है। वहीं अन्य तीनों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने तीनों को आईसीयू में रखा है। सभी को 24 घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। वहीं पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाए हैं। रविवार को इनके पोस्टमार्टम कराए जाएंगे।


