आरयू : स्नातक सेमेस्टर-5 का फार्म जमा करने का आज अंतिम दिन रांची | रांची यूनिवर्सिटी में एक बार फिर परीक्षा विभाग की लापरवाही खुलकर सामने आई है। स्नातक सत्र 2022–26 के सेमेस्टर-5 के छात्र-छात्राओं की मिड-सेमेस्टर की परीक्षा का रिजल्ट घोषित किए बिना ही सेमेस्टर परीक्षा का फॉर्म भरने का शिड्यूल जारी कर दिया गया है। इस कारण छात्रों को एग्जाम फार्म जमा करने में मुश्किलों का सामान करना पड़ रहा है । प्रभावित और परेशान स्टूडेंट्स सोमवार को शहीद चौक स्थित विवि मुख्यालय पहुंचे थे। इनका कहना है कि सेमेस्टर एग्जाम का फार्म वही छात्र जमा कर सकते हैं, जिनका मिड परीक्षा में प्राप्त अंक पोर्टल पर अपलोड है। लेकिन कई कॉलेजों में मिड सेमस्टर की परीक्षा नहीं हुई है। वहीं कई कॉलेजों में परीक्षा के बाद रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। जबकि परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क के मंगलवार तक ही है। ऐसी स्थिति में अगर यूनिवर्सिटी ने एग्जाम फार्म जमा करने की तिथि नहीं बढ़ाई तो हजारों छात्र एग्जाम फार्म जमा करने से वंचित रह जाएंगे।


