मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के समोगरा में सोमवार सुबह एक कार खंभे से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं और अयोध्या व काशी विश्वनाथ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, चालक को नींद आने के कारण तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतक की पहचान इंदौर (मध्य प्रदेश) निवासी वरद (20) के रूप में हुई है। हादसे में सौरभ (29), वेदांत (18), अमित (21) और अभिषेक (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें अमित उज्जैन/शहडोल के निवासी हैं, जबकि अन्य भी मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस द्वारा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में वेदांत की हालत गंभीर बताई जा रही है, जो उज्जैन के एक प्रसिद्ध मंदिर के पुजारी का पुत्र है। अयोध्या दर्शन के लिए आए थे जानकारी के अनुसार, सभी युवक 27 दिसंबर को इंदौर से अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे। अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर गए और सोमवार को मध्य प्रदेश वापस लौट रहे थे। मिर्जापुर पहुंचते ही चालक को नींद आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण नींद आना बताया गया है और कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है।


