भास्कर न्यूज | लुधियाना। लुधियाना के मिलरगंज स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस, गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को एक खास पल देखने को मिला, जब डीसी हिमांशु जैन ने छात्रों के साथ दिल से संवाद किया। पंजाब सरकार के स्कूल मेंटरशिप प्रोग्राम के तहत पहुंचे डीसी ने कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, मजबूत लक्ष्य तय करने और पूरे जोश के साथ मेहनत करने का संदेश दिया। डीसी ने कहा की “विफलता कोई अंत नहीं, बल्कि सफलता की सीढ़ी है। आप अपने भाग्य के निर्माता खुद हैं। देश को वैश्विक महाशक्ति बनाना है तो आज का युवा सबसे बड़ा हथियार है।”उन्होंने छात्रों को कहा कि बाधाएं आएंगी, लेकिन दृढ़ संकल्प और मेहनत से हर मुश्किल आसान बन सकती है। डीसी जैन ने अपने स्कूल दिनों की कहानी सुनाई। बताया कि जब वे खुद स्कूल में थे, तब एक डीसी आए थे और उसी दिन उन्होंने आईएएस बनने का सपना देखा था। अब वे चाहते हैं कि लुधियाना के छात्र भी ऐसे ही बड़े सपने देखें। उन्होंने बच्चों से अगली मीटिंग में अपने लक्ष्य लिखकर लाने को कहा और वादा किया कि वह हर छात्र का व्यक्तिगत मार्गदर्शन करेंगे। छात्रों ने भी खुलकर अपनी आकांक्षाएं बताईं। किसी ने कहा कि वह आईएएस, बनना चाहता है, कोई आईपीएस, तो कोई डॉक्टर, वैज्ञानिक, आर्मी अफसर, क्रिकेटर, न्यूज एंकर या फैशन डिजाइनर बनने का सपना देख रहा था। डीसी ने कहा कि यह वही जुनून है जो देश को आगे ले जाएगा। शहीदों से लें प्रेरणा, राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका: डीसी जैन ने छात्रों को शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की मिसाल देते हुए कहा कि भारत की आज़ादी आसान नहीं थी, और अब भारत का भविष्य आसान नहीं, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत से कुछ भी असंभव नहीं। उन्होंने कहा, “आप आज छात्र हैं, कल भारत के नेतृत्वकर्ता बनेंगे।”


