भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा गीदम वेयरहाउस का चावल खराब होने के मामले में राज्य सरकार द्वारा मिलरों को चावल वापस किये जाने के आदेश जारी करने के बाद अब खाद्य विभाग द्वारा सभी 22 मिलर को नोटिस जारी कर चावल उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मिलर बीआरएल के आदेश के विरुद्ध न्यायालय की शरण में भी जाने की तैयारी में थे, पर यहां पहले से केविएट दायर किए जाने से अब पहले न्यायालय शासन का पक्ष सुनेगा इसके बाद ही कोई फैसला देगा। दायर किए गए केविएट में लिखा है कि जिला दंतेवाड़ा स्थित गोदामों का निरीक्षण किया गया, जहां वर्ष 2024-25 का चावल संग्रहित था। यह निरीक्षण निगम तथा राज्य शासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान नमूने लिए गए एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा उनकी जांच की गई। जांच में 20 स्टॉक में से चावल की गुणवत्ता मानक से कम पाई गई । साथ ही सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। ऐसी स्थिति में संबंधित मिलरों को बीआरएल चावल स्टॉक को एफएक्यू स्टॉक से प्रतिस्थापित करने के लिए निर्देशित किया गया। यह कि केविएटर / प्रस्तावित प्रतिवादी को आशंका है कि नॉन-केविएटर / प्रस्तावित याचिकाकर्ता उक्त पत्र 22 जनवरी के विरुद्ध माननीय न्यायालय में रिट याचिका तथा स्थगन के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकता है एवं एकपक्षीय अंतरिम आदेश प्राप्त करने का प्रयास कर सकता है, जिससे केविएटर / नागरिक आपूर्ति निगम को अपूरणीय क्षति होगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली प्रतिकूल रूप से प्रभावित होगी। यदि रिट याचिका एवं स्थगन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जाता है, तो कृपया केविएटर को किसी भी प्रकार का अंतरिम आदेश / स्थगन आदेश पारित करने से पूर्व सुनवाई का अवसर प्रदान किया जाए।
गोदाम से खराब चावल वापस ले जाने अन्नपूर्णा 19लाट , राधे 16, रिजवी 21, गोविंद हेरिटेज 6, गोविंद राइस मिल 6, हिंगलाजिन 5, नीलकंठ 1, मत्ता 1, राधिका 2, अनुज राइस मिल 1, अनीषा 1 लाट चावल सहित और भी मिलर को नोटिस जारी किया जा रहा है, प्रत्येक लाट में 540 बैग चावल का स्टॉक होता है, गीदम में 33 हजार क्विंटल चावल मिलर उठाकर वापस दूसरा चावल जमा करेंगे। महीने के आखरी में मिल रहा राशन दंतेवाड़ा में पीडीएस सिस्टम एक महीने पीछे चल रहा है, यह स्थिति गीदम वेयरहाउस में चावल खराब होने के बाद निर्मित हुई है, जिले की 173 पीडीएस दुकान के हितग्राहियों को जनवरी माह में 20 तारीख के बाद राशन मिल पाया था, अब वही स्थिति फरवरी में भी निर्मित हो रही है, आवंटन फिर देर से मिला है और अभी तक फरवरी का राशन पीडीएस दुकान में भंडारण नहीं किया जा सका है, जिसकी वजह से महीने की आखरी में राशन मिलेगा।


