श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा श्री गुरु हरगोबिंद साहिब मोहल्ला धुरकोट शाहकोट से पंज प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। इस मौके पर सुबह गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू हुए। अरदास और जयकारे की गूंज के साथ गुरुद्वारा साहिब से नगर कीर्तन शुरू हुआ, जो पूरे शहर की परिक्रमा करने के बाद गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के पीछे बड़ी संख्या में संगत ने चलकर कीर्तन किया। नगर कीर्तन पर पुष्पवर्षा की गई। मिलिट्री बैंड ने नगर कीर्तन की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। वहीं, दूसरी ओर सुरजीत गतखा स्पोर्ट्स क्लब भिंडर के सिंघा ने गतका का अद्भुत प्रदर्शन किया। जगह-जगह पर संगत ने लंगर की सेवा निभाई। इस मौके पर शाहकोट से विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, आप के शाहकोट के इंचार्ज परमिंदर सिंह पंडोरी, वरिष्ठ भाजपा नेता राणा हरदीप सिंह, शिअद के डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट एडवोकेट बचित्र सिंह कोहाड़, नगर पंचायत प्रेसिडेंट गुलजार सिंह थिंद, शिअद अमृतसर के सर्किल प्रेसिडेंट जत्थेदार सुलखन सिंह निमाजीपुर, गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रेसिडेंट बलविंदर सिंह चंदी, जसवीर सिंह सिंधड़, मनोज अरोड़ा, गगनदीप सिंह जौड़ा एमसी आदि मौजूद रहे।


