जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन अमरिंदर सिंह गरेवाल के नेतृत्व में ‘मिशन-एक जज, एक वृक्ष’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर जिला कानूनी सेवाओं के सचिव अमरदीप सिंह बैंस ने बताया कि यह आयोजन एक साथ विभिन्न स्थानों जैसे न्यायिक अधिकारियों के आवास, कोर्ट परिसर, नजदीकी पार्क आदि पर पौधे लगाकर किया गया। इस अभियान की शुरुआत एक महीने पहले जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमरिंदर सिंह गरेवाल ने पौधारोपण के साथ की थी। पौधे लगाते समय जजों ने संकल्प लिया कि एक न्यायिक अधिकारी के रूप में वे न केवल मानवाधिकारों की रक्षा करेंगे, बल्कि प्रकृति एवं भविष्य की पीढ़ियों के अधिकारों की भी रक्षा का करेंगे। यह वृक्ष हमारे निष्पक्ष, हरित और स्थायी न्याय की वचनबद्धता का प्रतीक है। हर जज अपने द्वारा लगाए गए पौधे के संरक्षक भी बनेंगे और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाएंगे। वृक्ष की वृद्धि और देखभाल का रिकॉर्ड एक ट्री कार्ड, बुकलेट में रखा जाएगा, जिसे विशेष रूप से जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण अमृतसर द्वारा तैयार किया गया है और उन्हें सौंपा गया है। पिछले एक महीने में जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण अमृतसर द्वारा पूरे जिले में 20,000 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस अभियान में स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों, अध्यापकों, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी सक्रिय भागीदारी की है।


