सतना शहर के नजीराबाद इलाके में शनिवार को बिना लाइसेंस संचालित मीट दुकान और स्लॉटर हाउस को सील करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों पर दुकान संचालक ने गंभीर आरोप लगा दिए। कार्रवाई के दौरान मीट कारोबारी ने अधिकारियों पर पाकिस्तान से पैसा लेकर कार्रवाई करने जैसा आरोप लगाया, जिससे मौके पर मौजूद अफसर भी हैरान रह गए। जानकारी के अनुसार, नजीराबाद क्षेत्र में बिना लाइसेंस मीट दुकान और स्लॉटर हाउस संचालित होने की शिकायत पर एसडीएम राहुल सिलड़िया, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवेंद्र द्विवेदी और नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा था। एसडीएम-व्यापारी के बीच तीखी नोकझोंक
जैसे ही टीम ने दुकान की जांच शुरू की, तभी दुकान संचालक यूनिस कुरैशी ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान एसडीएम और व्यापारी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि, जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित मीट दुकान के पक्ष में न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त है। कोर्ट के स्टे के चलते प्रशासन दुकान को सील करने की कार्रवाई नहीं कर सका और टीम को बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा। एसडीएम राहुल सिलड़िया ने आरोपों को निराधार बताते हुए सख्त लहजे में चेतावनी दी और शासकीय कार्य में बाधा डालने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही। यह है लगाए गए आरोप की वजह
स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि यूनिस कुरैसी और हाजी मुन्ना के बीच मीट कारोबार को लेकर लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही है। यूनिस कुरैशी का आरोप है कि इसी आपसी विवाद के चलते उसके खिलाफ बार-बार कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि कोर्ट से मिले स्टे के संबंध में आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।


