सादड़ी पुलिस ने चामुंडा माता मंदिर मुंडारा में चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के रहने वाले दिनेश कुमार गरासिया (20) को गिरफ्तार किया है। घटना 15-16 अप्रैल मध्य रात्रि की है। मंदिर ट्रस्ट के रिसीवर और बाली के उपखंड मजिस्ट्रेट दिनेश विश्नोई ने पुलिस को शिकायत दी थी। चोरों ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर करीब 4 लाख रुपए की नकदी चुरा ली थी। सादड़ी सीआई हनवंत सिंह सोढा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि उन्होंने पहले दर्शन के बहाने मंदिर की रैकी की। फिर बस से सादड़ी आए और वहां से पैदल मुंडारा पहुंचे। दिन में मंदिर के पास जंगल में छिपे रहे। रात होने पर मंदिर के पिछले रास्ते से अंदर घुसे और दानपात्र तोड़कर पैसे चुरा लिए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वो और उसके साथी पैसे वाला बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी करते हैं। पुलिस टीम की मेहनत से इस वारदात का जल्द खुलासा हो गया। बाली पुलिस उपाधीक्षक राजेश यादव ने बताया कि घटना के बाद इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए टीम को गठित कर 120 घंटे में खुलासा कर दिया। अब इस मामले में कौन-कौन शामिल थे और अन्य दूसरे फरार आरोपियों की भी तलाश कर रहे हैं। गठित टीम में सीआई हनवंत सिंह सोढा, एएसआई भगवान सिंह, साइबर सेल गौतम आचार्य, संतराम मीणा, कॉन्स्टेबल अमरचंद, अरविंद, सोनाराम, मुलाराम, चूनाराम, कैलाश, शैलेन्द्र, इंद्र सिंह, महादेव, सुरेंद्र पुनिया और देवाराम शामिल थे।


