मुखिया के 8 वर्षीय बेटे का शव कुएं से बरामद:गुमला के पोढ़ा गांव में हुई घटना, सोमवार से था गायब; डूबने से मौत की आशंका

गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के पोढ़ा गांव में एक 8 वर्षीय बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान रुकी पंचायत के मुखिया भीम उरांव के बेटे पृथ्वी उरांव के रूप में हुई है। घाघरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला भेज दिया है। मुखिया भीम उरांव ने बताया कि उनका बेटा पृथ्वी सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक बिना मुंडेर के कुएं में पृथ्वी के बड़े पिताजी पानी भरने गए। उन्होंने कुएं में एक बच्चे को डूबा हुआ देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर घाघरा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को घाघरा थाना लाकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। बिना मुंडेर का कुआं होने से गिरा होगा बच्चा: पिता मुखिया भीम उरांव ने आशंका जताई है कि बिना मुंडेर का कुआं जमीन के बराबर होने के कारण बच्चा उसमें गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *