करौली पुलिस ने बाइक चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने इस संबंध में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और दो बाल अपचारियों को डिटेन किया है। तीनों के कब्जे से कुल तीन चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं। थाना अधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि यह मामला 29 अगस्त की रात का है। पुरानी कलेक्ट्री सर्किल, करौली क्षेत्र में एक मकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित ने तत्काल थाना कोतवाली करौली में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मठ रायपुर, थाना वजीरपुर निवासी खुशीराम गुर्जर (22) को गिरफ्तार किया। चोरी में शामिल दो बाल अपचारियों को भी दस्तयाब किया गया। पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से उस प्रकरण में चोरी हुई बाइक के साथ-साथ अन्य दो चोरी की बाइकें भी बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी खुशीराम को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। दोनों बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया है।


