मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: पन्ना से 250 श्रद्धालु रवाना:दक्षिण भारत के रामेश्वरम-मदुरई दर्शन के लिए विधायक ने दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत पन्ना जिले के 250 तीर्थयात्री दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों रामेश्वरम और मदुरई के लिए रवाना हो गए हैं। यह यात्रा 22 से 28 दिसंबर तक चलेगी। यात्रियों को पन्ना कलेक्ट्रेट से बसों द्वारा खजुराहो रेलवे स्टेशन भेजा गया। खजुराहो से ये तीर्थयात्री ट्रेन द्वारा रामेश्वरम के लिए प्रस्थान करेंगे। पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह और जिला प्रशासन के अधिकारी यात्रियों को हरी झंडी दिखाने के लिए उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा। पन्ना, गुनौर, अमानगंज और देवेंद्रनगर तहसील के तीर्थयात्रियों को कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया गया, जबकि सिमरिया और शाहनगर क्षेत्र के यात्री सीधे खजुराहो रेलवे स्टेशन पहुंचे। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने अनुरक्षक, पुलिस बल, चिकित्सक और एक मेडिकल टीम को भी साथ भेजा है। तीर्थयात्रियों ने इस यात्रा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद यह पहली तीर्थ यात्रा है, जिसका वे पिछले तीन वर्षों से इंतजार कर रहे थे। पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने इस योजना को सरकार की एक अच्छी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर मिलता है। विधायक ने यात्रियों से आशीर्वाद लिया और उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *