छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नए सायबर थाना का प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल रूप से जुड़कर उद्घाटन किया। थाना का फीता एसएसपी और महापौर ने काटा। यहां के रोजनामचा में एसएसपी ने आज की तारीख दर्ज की। प्रदेश भर में 8 जिलों के नए सायबर थाना का उद्घाटन होना था। जिसमें एक थाना रायगढ़ जिला का था और इसके लिए उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें वर्चुअल रूप से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व गृह मंत्री विजय शर्मा जुड़े रहे। उन्होंने इस दौरान कहा कि सायबर थाना के बन जाने से अब पुलिस जवानों को प्रोत्सहन मिलेगा। साथ ही नए उत्साह के साथ जवान काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान डीआईजी व एसएसपी शशि मोहन सिंह व महापौर ने नए सायबर थाना का फीता काटा। SSP ने रोजनामचे में आज की तारीख दर्ज की। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, महापौर जीवर्धन चौहान के साथ भाजपा के अन्य नेता और रायगढ़ पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
सायबर फ्रॉड से बचाव के उपाए बताए
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर, SSP ने सायबर फ्रॉड के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आजकल लोग सायबर फ्रॉड में फंस रहे हैं। सावधानी से इस अपराध से बचा जा सकता है। किसी भी प्रकार से कॉल आने पर सावधान रहे और अपना बैंक एकाउंट व OTP के बारे में किसी अन्य को मोबाईल पर जानकारी न दे। न ही जल्द रुपए कमाने के चक्कर में किसी के झांसे में आए।
पत्रकारों से की गई चर्चा
उद्घाटन कार्यक्रम से पहले SSP शशि मोहन सिंह ने पत्रकारों से भेंट कर उनसे चर्चा की। जिसमें उन्होंने जिले की पुलिसिंग को लेकर स्पष्ट किया कि पुलिस का मूल दायित्व अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। यदि कोई अपराध घटित होता है तो अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसी दिशा में रायगढ़ पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। साथ ही उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है और जिला पुलिस आमजन व पुलिस के बीच सेतु बनकर उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास करेगी।


