मुख्यमंत्री ने 8792 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र:एक साल में 16 हजार को सरकारी नौकरी दी, हजारों नियुक्तियां और होंगी: सीएम

हेमंत सोरेन सरकार 2.0 का शुक्रवार को एक साल पूरा हो गया। इस मौके पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित राजकीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 8792 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्होंने कहा-आज के नियुक्ति पत्र वितरण को मिलाकर एक साल में करीब 16 हजार लोगों को सरकारी नौकरी मिली है। आठ हजार लोगों को गैर सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। नियुक्तियों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा। जल्दी ही हजारों और नियुक्तियां होंगी।
सीएम ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का यह ऐतिहासिक अवसर है। आज से पहले झारखंड की किसी भी सरकार ने ऐसा नहीं किया है। हमारी सरकार युवाओं का भविष्य संवारने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार उनके साथ खड़ी है। सीएम ने दावा किया कि नियुक्तियों में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता बरती जा रही है। हर मामले को कोर्ट में ले जाने का नकारात्मक प्रयास और अन्य तमाम चुनौतियों के बीच राज्य में नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। सरकार पूरी शिद्दत से युवाओं को सशक्त बनाने में जुटी हुई है। हालांकि, कुछ ऐसे भी तत्व हैं, जो इसका विरोध कर रहे हैं। लेकिन, सरकार इसकी चिंता किए बगैर अपना काम कर रही है। सीएम ने समारोह में आए अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या उनकी नौकरी पैरवी या पैसे पर हुई है, तो सबने एक सुर में कहा, नहीं। समारोह को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण मुख्य सचिव अविनाश कुमार और धन्यवाद ज्ञापन शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने किया। सीएम ने युवाओं संग ली सेल्फी, कहा-एक युवक को अपने जैसा बनाएं
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों से कहा कि आपके जीवन में आज से एक नया अध्याय जुड़ रहा है। आप सरकार के अभिन्न अंग के रूप में अपनी सेवा देंगे। आपकी पोस्टिंग राज्य के विभिन्न जिलों में होती रहेगी। आग्रह है कि आप जहां भी जाएं, वहां कम से कम एक नौजवान को अपने जैसा बनाने का संकल्प लें। उन्होंने नियुक्ति पत्र बांटने के बाद युवाओं के साथ सेल्फी भी ली। सहायक आचार्य में 40%, जेपीएससी सिविल सेवा में 30 प्रतिशत महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहायक आचार्य में 40 प्रतिशत और जेपीएससी सिविल सेवा में 30 प्रतिशत महिलाएं चुनकर आईं हैं। यह महिला सशक्तीकरण का एक बेहतरीन उदाहरण है। आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई मंईयां सम्मान योजना का प्रभाव पूरी तरह झलक रहा है। महिलाएं इस योजना से जुड़कर स्वावलंबी बन रही हैं। उन्होंने नियुक्ति पत्र लेने के लिए आई एक महिला का जिक्र करते हुए कहा कि उसने मंईयां सम्मान योजना के तहत मिली राशि से अपनी पढ़ाई पूरी की और आज पदाधिकारी बनकर हमारे बीच हैं। पूर्वजों ने लड़ कर राज्य लिया, अब इसे सजाने-संवारने की भूमिका युवाओं की
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने लड़ कर इस राज्य को लिया है। ऐसे में इस राज्य के पदाधिकारी, किसान, नौजवान, महिला शिक्षक हर किसी के कंधों पर बड़ी जिम्मेवारी है कि वे इस राज्य को सजाने-संवारने में अपनी भूमिका निभाएं। सभी के सामूहिक एवं सार्थक प्रयासों से झारखंड सशक्त और मजबूत राज्य बन सकता है। सभी के सहयोग और सार्थक प्रयासों से ही झारखंड सशक्त और मजबूत राज्य बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 8792 लोगों को सरकारी नौकरी मिलने से उनके परिवार के 50 हजार लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। दिशोम गुरु होते, तो काफी खुश नजर आते… मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन काफी उत्साह वाला है, लेकिन मन थोड़ा उदास भी है। क्योंकि, दिशोम गुरु शिबू सोरेन इस ऐतिहासिक समारोह में हमारे बीच नहीं हैं। वे अगर आज होते तो इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलता देख काफी खुश नजर आते। मुख्यमंत्री ने महान सुधारक ज्योतिबा फुले को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए नमन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *