बिलासपुर में मुख्यमंत्री के पोस्टर के साथ कथित अमर्यादित कृत्य के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा की शिकायत पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आज दोपहर जिला भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर कांग्रेसियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री के पोस्टर के साथ अमर्यादित कृत्य करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष निखिल केशरवानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएसपी निमितेष सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने जमकर प्रदर्शन किया। इनके खिलाफ दर्ज किया मामला भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय, कांग्रेस कार्यकर्ता सदाब खान सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 126(2) और 352 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि वीडियो साक्ष्य के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवा मोर्चा ने की सख्त कार्रवाई की मांग भाजपा युवा मोर्चा का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के पोस्टर के साथ आपत्तिजनक कृत्य किया, जिससे जनभावनाएं आहत हुई हैं। युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 3 करोड़ जनता की गरिमा पर हमला- भाजयुमो प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र देवांगन ने आरोप लगाया कि कांग्रेसियों का यह कृत्य केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य की 3 करोड़ जनता की गरिमा, संवैधानिक पद की प्रतिष्ठा और लोकतांत्रिक विचारधारा पर सीधा हमला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से आदिवासियों का अपमान किया है, जिसका उदाहरण पूर्व में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान था।


