मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय में जेसी बोस की प्रतिमा का अनावरण

भास्कर न्यूज|गिरिडीह सोमवार को शहर के सर जेसी बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय गर्ल्स परिसर में नवनिर्मित महान वैज्ञानिक सर जेसी बोस की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने मंत्री का स्वागत किया। नगर विकास मंत्री ने सर जेसी बोस की प्रतिमा का अनावरण किया व माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि प्रतिमा के चारों ओर एक सुंदर पार्क का भी निर्माण किया गया है, जिससे विद्यालय परिसर और अधिक आकर्षक और प्रेरणादायी बन गया है। यह विद्यालय अपने नाम के अनुरूप उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को छूने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंत्री ने मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय की परिकल्पना और उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए छात्राओं से पूरी लगन और समर्पण के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय सरकार की सोच को धरातल पर साकार कर रहे हैं और यह पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है। छात्राएं न केवल विद्यालय बल्कि जिले और राज्य का नाम रोशन करें, यही सरकार की अपेक्षा है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं ने अंग्रेजी भाषा में किया गया, जो सराहनीय रहा। स्वागत के दौरान छात्राओं ने “जोहार, गुड मॉर्निंग, वेलकम” लिखी तख्तियों के साथ पुष्पवर्षा कर हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण बना दिया। संपूर्ण कार्यक्रम को मनमोहक और आकर्षक बनाने में विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। प्रधानाध्यापक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर गुणवत्ता पूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *