भास्कर न्यूज|गिरिडीह पचम्बा थाना क्षेत्र के राजाहाता के समीप रविवार की रात करीब 9 बजे मारपीट, रोड़ेबाजी व फायरिंग की घटना हुई। मामला कोयला कारोबार व लेन देन से जुड़ा है। दो पक्षों मंे मारपीट की जानकारी मिलने के कुछ ही देर बाद समाज के कुछ गण्यमान्य लोग राजाहाता पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, इसी बीच एक युवक पिस्टल लहराते हुए पहुंचे और एक गोली हवा में फायरिंग की तो दूसरी गोली सामने से चलाई। गोली मौके पर मौजूद मो इश्तेयाक अहमद के गर्दन के किनारे से निकल गयी और वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और सारे पंच वहां से निकल भागे वहीं आसपास के लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। सूचना पाकर पचंबा थाना की पुलिस रात में ही पहुंची और मामले की छानबीन की, लेकिन आरोपी वहां से फरार मिला। पुलिस के मुताबिक फायरिंग करने वाला आरोपी बीते दिनों जमुआ थाना के चितरडीह धरचांची में हुई गोली व बमबाजी की घटना का आरोपी है। पचंबा थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी में जुटी है। महिला ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग: स्थानीय महिला नुशरत परवीन पति मो सद्दाम ने पचंबा थाना मंे आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। कहा है कि रात करीब 10 बजे उसका पति होटल बंद कर घर लौट रहा था। लेकिन घर घुसने से पहले मो निशार, शमशाद, शहदाब, राजा, अमन सहित एक दर्जन लोग उसके पति को घेरकर मारपीट करने लगे। हल्ला सुनकर मोहल्ले के कुछ लोग निकले तो मो अमन पिस्टल लेकर घर से निकली और हवाई फायरिंग की। इसी बीच राजा ने कहा कि हवाई फायरिंग नहीं सीने में गोली मारो, फिर गोली सामने से चलाई गई, जो कई लोगों के बीच से निकल गई और लोग बाल-बाल बच गए। डर से सारे लोग भाग गए और हमलोग भी घर में घुस गए। फिर लोग घर पर ईंट पत्थर बरसाने लगा। महिला ने कहा है कि ये लोग पिस्टल हमेशा साथ रखता है और कहीं भी कभी भी वारदात को अंजाम दे सकता है। आशंका जताई है कि उसके पति मो सद्दाम को किसी भी वक्त क्षति पहुंचा सकता है, क्योंकि घटना के दौरान इस बात की धमकी भी दी जा चुकी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और आरोपियों की धर पकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।


