मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीसी से दिलाई सुशासन की शपथ:सलूंबर सहित प्रदेशभर में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली प्रतिज्ञा

सुशासन दिवस के अवसर पर सलूंबर जिले में विभिन्न प्रशासनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय के वीसी कक्ष में आयोजित शपथ समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्चुअल माध्यम से सुशासन की शपथ दिलाई। इस शपथ समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता के साथ आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले के सभी उपखण्ड कार्यालयों और अटल सेवा केन्द्रों पर भी सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आमजन को अधिकतम राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर मीणा ने स्पष्ट किया कि सुशासन का अर्थ केवल नियमों का पालन करना नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उनका त्वरित समाधान करना भी है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय में आने वाला प्रत्येक नागरिक यह महसूस करे कि प्रशासन उसकी समस्या को गंभीरता से सुन रहा है और समाधान के लिए तत्पर है। कलेक्टर ने तकनीक के युग में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर मीणा ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा, और उनके विचार आज भी प्रशासन के लिए मार्गदर्शक एवं प्रेरणादायक हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *