भास्कर न्यूज | लुधियाना गुरु की लाडलियां फौजें सेवा सोसाइटी की तरफ से गुरुद्वारा शहीद साहिब मॉडल टाउन के सभागार में वीर साहिबज़ादों की अद्वितीय एवं अविस्मरणीय शहादत को समर्पित एक भव्य गुरमत समागम का आयोजन किया गया। भक्ति, शक्ति और वैराग्य के इस अनुपम संगम ने उपस्थित संगत को गुरु-इतिहास के गौरवशाली अध्यायों से सराबोर कर दिया। इस आध्यात्मिक सभा की सबसे दिव्य झलक सोसाइटी के उन 105 नन्हे सितारों के रूप में देखने को मिली। जिन्होंने अपनी श्रद्धा और निष्ठा से पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। नन्हे बच्चों ने ओजस्वी कविता पाठ, हृदयस्पर्शी साखी, जीवंत जीवनी चित्रण और शब्द कीर्तन के माध्यम से जब साहिबज़ादों के बलिदान की गाथा सुनाई तो उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो गईं और पूरा हॉल ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। सोसाइटी की प्रमुख मनप्रीत कौर ने भावुक स्वर में कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को उनकी समृद्ध विरासत और गौरवशाली सिख मर्यादा के दिव्य प्रकाश से जोड़ना है। विगत चार वर्षों से यह निरंतर प्रयास जारी है कि बच्चे गुरुबाणी की मिठास और इतिहास की वीरता को आत्मसात कर एक नैतिक और मर्यादित जीवन के मार्ग पर अग्रसर हों। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसजीत सिंह, मैनेजर सतेंद्र सिंह और सदस्य गुरचरण सिंह ने सोसाइटी के इस अनुकरणीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे कौम के भविष्य के लिए एक सराहनीय कदम बताया। समारोह के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को स्मृति चिन्ह और विशेष पुरस्कारों से नवाजा गया। इस अवसर पर भारी संख्या में उमड़ी संगत ने श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों की पावन स्मृति को नमन किया।


