डिग्गी नगर पालिका द्वारा सोमवार को मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसमें बाजार में फैला रखे सामानों को जब्त किया गया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध जताया। फिर ईओ और व्यापारियों के बीच वार्ता हुई। उसमें व्यापारियों ने दुकान के आगे चार फ़ीट जगह जरूरी सामान रखने के लिए मांगी। इस पर ईओ अस्थाई रूप से चार फ़ीट जगह देने पर राजी हुए। ज्ञात रहे कि डिग्गी नगर पालिका के बाजारों में अतिक्रमण था। इससे यातायत व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए पालिका ने गत दिनों सार्वजनिक रूप से एलान करवाया था। उसके तहत सोमवार को दोपहर एक बजे ईओ हंसराज चौधरी, जेईएन बसराम मीणा और पालिका जमादार महेंद्र चौधरी की देखरेख में बस स्टैंड से अभियान की शुरुआत की गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली व सफाईकर्मियों के साथ नगर पालिका की टीम रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंची और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत व्यापारियों द्वारा सड़क पर फैलाए गए सामान को हटाया गया और अतिक्रमण को हटाते हुए टीम डिग्गी के प्रसिद्ध श्री डिग्गी कल्याण मंदिर तक पहुँची। इस दौरान व्यापारियों ने नगर पालिका ईओ हंसराज चौधरी से आग्रह किया कि व्यापारिक सुविधा के लिए दुकान के आगे एक सीमित क्षेत्र में टेबल लगाने की अनुमति दी जाए। व्यापारियों की इस मांग पर विचार करते हुए नगर पालिका ने शाम 5:30 बजे पालिका कार्यालय में बैठक बुलाई। बैठक के दौरान ईओ हंसराज चौधरी ने व्यापारियों के सुझाव आमंत्रित किए। व्यापारियों ने मांग रखी कि उन्हें दुकान के आगे 4 फीट की जगह टेबल लगाने और ऊपर छाया के लिए 4 फीट की अतिरिक्त जगह दी जाए। इस पर ईओ चौधरी ने अस्थायी तौर पर आपसी समझाइश से 4 फीट तक का स्थान व्यापारियों को देने पर सहमति जताई। बैठक में व्यापारियों ने अन्य समस्याओं को भी सामने रखा। व्यापारियों ने धौली दरवाजा से कल्याण मंदिर तक टॉयलेट व स्वच्छता की व्यवस्था पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई। साथ ही प्रत्येक दुकानदार के सामने कचरा डिब्बा रखने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और अनाधिकृत ई-रिक्शा एवं चौपाइयों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय नारायण शर्मा और अन्य व्यापारियों ने बताया कि चौपाइयों और ई-रिक्शा वाहनों के चलते आए दिन व्यापारियों और यात्रियों के बीच झगड़े की स्थिति बनती है और जाम की समस्या उत्पन्न होती है। खासकर मंदिर परिसर के पास ई-रिक्शा चालकों द्वारा वाहन खड़े किए जाने से आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। व्यापारियों की इन समस्याओं पर नगर पालिका अधिकारी ने सहमति जताई और आश्वासन दिया कि ई-रिक्शा और चौपाइयों के प्रवेश पर शीघ्र ठोस निर्णय लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाया जाएगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान डिग्गी थाना अधिकारी सत्यनारायण चौधरी मय जाब्ते के साथ मौजूद रहे। नगर पालिका ईओ हंसराज चौधरी ने बताया कि धार्मिक नगरी डिग्गी में अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में पूरे बाजार क्षेत्र में माइक से घोषणाएं कर व्यापारियों को सूचित किया गया था। इसके बावजूद निर्धारित सीमा से बाहर अतिक्रमण पाए जाने पर सामग्री को जप्त किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि किसी व्यापारी द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक अतिक्रमण किया गया, तो उसका सामान जप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।


