भास्कर न्यूज | अमलीपदर विकासखंड मैनपुर के ग्राम मुडगैल माल से दाबरीगुड़ा जाने वाला मुख्य मार्ग बरसों से बदहाल है। बारिश में यह रास्ता कीचड़ और पानी से तालाब जैसा बन जाता है। वार्ड क्रमांक 7 के पंच जयप्रकाश जगत ने जिला पंचायत और विधायक को आवेदन देकर बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। छात्र-छात्राओं को इसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है, जिससे गिरने-फिसलने का खतरा रहता है। ग्रामीणों को पंचायत, बाजार और खरीफ फसल का सामान ले जाने में भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुडगैल माल–दाबरीगुड़ा रोड का नया निर्माण जल्द कराया जाए ताकि बच्चों और राहगीरों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।


