मुरादाबाद में कुछ युवकों ने सरेआम फायरिंग करके सनसनी फैला दी। दबंगों ने एक फैक्ट्री कर्मी के घर पर चढ़ाई कर दी और गोलियां बरसाईं। फैक्ट्री कर्मी का कसूर ये था कि उसकी बाइक दबंगों से टच हो गई थी। इसके बाद दबंगों ने उसे सबक सिखाने के लिए बेरहमी से पीटा। फैक्ट्री कर्मी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा तो पीछे से दबंगों ने फायरिंग कर दी। घटना मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में सिरसा इनायतपुर उर्फ दौड़भाग गांव की है। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पीड़ित फैक्ट्री कर्मी का कहना है कि, उसकी जान को खतरा है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। देर रात पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की है। सलीम का कहना है कि वो एक फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार को सुबह करीब 9 बजे बाइक से फैक्ट्री जाने के लिए निकला था। गांव में उसकी बाइक दूसरे पक्ष से टच हो गई। इसके बाद आरोपियों ने सलीम और उसके भाई शाहरुख की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसकी शिकायत लेकर सलीम अपनी मां के साथ पुलिस चौकी पर पहुंचा। लेकिन इससे पहले कि पुलिस गांव पहुंचती दबंगों को पता चला गया कि सलीम अपनी मां के साथ उनकी शिकायत लेकर पुलिस के पास गया है।
फैक्ट्री कर्मी सलीम का आरोप है कि आरोपियों अरबी, शाहबाज, मेहंदी हासन, फारूक,पप्पू,आरिफ आदि ने एक साथ इकट्ठा होकर उसके घर पर हमला बोल दिया। सलीम का आरोप है कि शाहरुख के घर के बाहर देसी तमंचों से फायरिंग की गई और देसी बम भी फेंके गए। इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि जिस टाइम दबंगों ने सरेआम फायरिंग की, उस वक्त छोटे-छोटे बच्चे भी सड़क पर खेल रहे थे। गोली चलने पर ये बच्चे जैसे तैसे मौके से भागे और आसपास के घरों में दुबक गए।


