मुरादाबाद में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर वसूली,FIR:बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर ने कहा-फ्री लगने हैं स्मार्ट मीटर, किसी को पैसा न दें

मुरादाबाद शहर में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर वसूली का खेल शुरू हो गया है। कटघर इलाके में इंद्रा कालोनी में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों ने मीटर लगाने के बदले प्रति मीटर 500 रुपए की वसूली शुरू कर दी। इससे कालोनी वाले भड़क गए और टीम को घेरकर हंगामा किया। इसके बाद महकमे के अधिकारियों ने दखल के बाद कंपनी ने अपने कर्मचारी के खिलाफ कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
इस बीच मुरादाबाद हाईडिल डिपार्टमेंट के चीफ इंजीनियर अरविंद कुमार सिंघल ने कहा है कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह से फ्री लगाए जाने हैं। इसके लिए उपभोक्ता विभाग के किसी कर्मचारी को या फिर मीटर लगा रही कंपनी के किसी वर्कर को कोई भी पेमेंट न करें। यदि कोई इसकी एवज में पैसे की डिमांड करता है तो उसकी शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से करें। पैसे की मांग करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ने कहा कि, मुरादाबाद शहर के सभी बिजली मीटर स्मार्ट मीटर से बदले जाने हैं। इसके लिए प्राइवेट कंपनी इंटेल स्मार्ट कंपनी को कांट्रेक्ट दिया गया है। कंपनी के कर्मचारी शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रहे हैं। मुख्य अभियंता ने कहा कि इंद्रा कालोनी से ऐसी शिकायत मिली थी कि मीटर लगाने जा रहे प्राइवेट कंपनी इंटेल स्मार्ट के कर्मचारियों ने लोगों से मीटर लगाने के बदले में पैसे की डिमांड की है। इस मामले में अधीक्षण अभियंता को जांच के लिए कहा गया था। अधीक्षण अभियंता ने अपनी रिपोर्ट में वसूली के आरोपों की पुष्टि की है।
मुख्य अभियंता ने कहा कि इस मामले में कंपनी इंटेल स्मार्ट ने अपने सुपरवाइजर के खिलाफ कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। यदि ऐसी और भी शिकायतें आईं तो कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। कंपनी का अनुबंध खत्म करने पर भी विचार किया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *