मुरैना में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को एक पटवारी को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। पटवारी ने युवक से जमीन के नामांतरण के लिए 8 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 6 हजार रुपए वह पहले दे चुका था। इसके बाद दूसरी किश्त के रूप में दो हजार रुपए देते हुए बुधवार सुबह 11 बजे लोकायुक्त टीम ने पटवारी को पकड़ लिया। फरियादी राम मोहन गुर्जर ने बताया कि वह भिंड जिले के गोहद का रहने वाला है। वर्तमान में मुरैना के तुस्सीपुरा में रहता है। उसके पिता मुंशी सिंह ने दिमनी क्षेत्र के ग्राम खोड़ा, सिहोनिया में जमीन खरीदी थी। उसे भूमि का नामांतरण करना था। उसने अपने क्षेत्र के हल्का नंबर 33 के पटवारी सुनील शर्मा से संपर्क किया और नामांतरण करने के लिए कहा। लोकायुक्त ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा उसने बताया कि पटवारी सुनील शर्मा पहले उसे टालता रहा और बाद में उससे 8 हजार रुपए रिश्वत देने की मांग की। इसके बाद 6 जनवरी को राम मोहन गुर्जर ने लोकायुक्त एसपी ऑफिस ग्वालियर पहुंचकर शिकायत की। उसके आवेदन पर कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को पटवारी सुनील शर्मा को उसके मुरैना शहर के रामनगर स्थित मकान पर राममोहन गुर्जर से 2000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस पूरी कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी विनोद कुशवाहा, निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया, निरीक्षक अंजली शर्मा, प्रधान आरक्षक धनंजय पांडे, प्रधान आरक्षक हेमंत शर्मा, प्रधान आरक्षक देवेंद्र पवैया आरक्षकों में बलवीर सिंह, नेतराम, सुनील राजपूत, अंकित शर्मा तथा विशंभर सिंह शामिल रहे। डीएसपी विनोद कुशवाहा ने बताया- फरियादी राम मोहन गुर्जर के आवेदन पर पटवारी सुनील शर्मा को 2000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई चल रही है।


