भास्कर न्यूज | अमृतसर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वीरवार को गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) की गोल्डन जुबली कन्वोकेशन में स्टूडेंट्स को डिग्रियां बांटने पहुंचेंगी। समागम को लेकर सीएम भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता अमृतसर पहुंच गए हैं। राष्ट्रपति वीरवार को पूरा दिन अमृतसर में रहेंगी। मुर्मू जीएनडीयू में आने वाली तीसरी राष्ट्रपति हैं। इससे पहले 1969 में तत्कालीन राष्ट्रपति वीवी गिरि ने ही जीएनडीयू की स्थापना की थी। उसके बाद 31 अगस्त 2004 को श्री गुरु ग्रंथ साहिब की संपूर्णता के 400 साल पूरे होने पर जीएनडीयू में श्री गुरु ग्रंथ साहिब अध्ययन केंद्र का उद्घाटन करने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जीएनडीयू आए थे। मुर्मू दूसरी बार अमृतसर आ रही हैं। इससे पहले 2023 में वह पद संभालने के बाद श्री हरमंदर साहिब में नतमस्तक हुई थीं। गौरतलब है कि अमृतसर आने वाले राष्ट्रपति की बात की जाए तो 1976 में देश के 5वें राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद और उसके बाद राम नाथ कोविंद राष्ट्रपति के तौर पर श्री हरमंदर साहिब के दर्शन करने आ चुके हैं। राष्ट्रपति 2 दिवसीय पंजाब दौरे के तहत पहले दिन अमृतसर तो दूसरे दिन जालंधर में रहेंगी। जालंधर में वह डा. बीआर अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 1452 छात्रों को डिग्रियां प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे के मुद्देनजर अमृतसर में सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद करने के लिए 4 जिलों की पुलिस लगाई गई है। 2500 से ज्यादा मुलाजिम बुधवार को ही मुस्तैद कर दिए गए। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के अलावा रणजीत एवेन्यू मार्केट में चेकिंग अभियान भी चलाया। सुरक्षा के लिए गुरदासपुर, जालंधर, तरनतारन और लुधियाना से पुलिस फोर्स मंगवाई गई है। डीसी दलविंदरजीत सिंह ने सीपी, रूरल एसएसपी, निगम कमिश्नर समेत करीब 38 अफसरों को प्रबंध में लगाया है। प्रबंधकों की रिहर्सल भी बुधवार को की गई। वाइस चांसलर ने बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, प्रोटोकॉल, साउंड और लाइटिंग सिस्टम, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, सजावट, पार्किंग और आपातकालीन प्रबंधों समेत हर पहलू की बारीकी से समीक्षा की। वीरवार को अमृतसर और शुक्रवार को जालंधर में रुकने के बाद राष्ट्रपति आदमपुर एयरबेस से दिल्ली के लिए वापस रवाना होंगी। समागम में सीएम के अलावा राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, सांसद बिक्रम साहनी भी पहुंचेंगे। जीएनडीयू में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते पुलिस अधिकारी।


