मुहर्रम को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 1500 से ज्यादा अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। चौक-चौराहों के अलावा सभी धार्मिक स्थल पर पुलिस की विशेष नजर है। यही वजह है कि सभी पीसीआर और पेट्रोलिंग गाड़ी को लगातार अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी चंदन सिन्हा खुद पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पदाधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दे रहे हैं। सभी डीएसपी और थानेदार को अलर्ट मोड में रहते हुए सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। 200 से ज्यादा जगहों पर स्टैटिक फोर्स की तैनाती की गई है, ताकि हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा सके। सुरक्षा में कहीं से कोई चूक ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है। इधर, सिटी एसपी विमल कुमार के नेतृत्व में शनिवार की दोपहर पुलिस की टीम ने मेन रोड में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च में शामिल सीआरपीएफ व जिला बल के जवान अलबर्ट एक्का चौक से डेली मार्केट होते हुए रतन पीपी के रास्ते कर्बला चौक से चर्च रोड होते हुए वापस मेन रोड स्थित अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंचे। सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष नजर है। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए अलग से पुलिस की एक टीम बनाई गई है। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कहीं भी कोई आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई देता है, तो तुरंत आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई करें। आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी की गई है। रांची पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी कहीं गलत अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो सत्यापन करने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे कैमरे से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए कंट्रोल रूम में एक टीम को तैनात किया गया है। सड़क पर आने-जाने वाले कोई भी व्यक्ति कैमरे में संदिग्ध हालत में कैद होता है तो तुरंत पुलिस की टीम पहुंचकर उसका सत्यापन करेगी। अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ विधि-सम्मत की जाएगी। सड़क पर सादे लिबास में भी विभिन्न जगहों पर जवानों को तैनात किया गया है। इन्हें सूचना संग्रह करने का निर्देश दिया गया है।


