नागौर में इस बार मूंग की फसल की बंपर आवक हुई है। नागौरी मूंग काफी प्रसिद्ध है, ऐसे में राजस्थान समेत बाहर के लोग भी नागौर का मूंग पसंद करते हैं। अच्छी पैदावार होने के चलते किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य से मू्ंग बेचना पड़ रहा है। मूंग के भाव सामान्य रूप से गिरने की वजह से किसान नागौर जिला मुख्यालय स्थित मंडी में पहुंचकर मूंग बेच रहे हैं। अभी नागौर में मूंग की खुली बिक्री 6800-7800 रूपए की दर से हो रही है जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य के भाव 8682 रूपए हैं। नागौर जिला मुख्यालय स्थित मंडी में मूंग की बिक्री के लिए 10 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 21821 किसान मूंग बेच सकेंगे। 15234 किसानों को मूंग की तुलाई की तारीख दी जा चुकी है, इन किसानों को दी गई तारीख के 10 दिन के भीतर मूंग बेचना होगा। अब तक 11530 किसान नागौर मंडी में मूंग बेच चुके हैं। अभी भी 10 हजार से अधिक किसान बचे हुए हैं जो आगामी एक पखवाड़े में नागौर मंडी पहुंचकर मूंग की तुलाई करवाएंगे। नागौर कृषि मंडी सचिव रघुनाथराम सींवर ने बताया कि अब तक कुल 2 लाख 49 हजार 821 क्विंटल मूंग की खरीद हो चुकी है। वहीं मूंग के खुले भाव 6800 से 7800 रूपए तक रहने के कारण अब किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचने की ओर बढ़ रहे हैं। किसान रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद नागौर कृषि मंडी मे मूंग लेकर पहुंच रहे हैं। कृषि मंडी में रोजाना वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। आज भी 100 से अधिक किसान पहुंचे हैं। नागौर जिले के डेगाना, खींवसर, झारोड़ा, रियांबड़ी, मेड़ता, मूंडवा, जायल, पुंदलोता में एमएसपी पर खरीद के लिए केंद्र बनाए गए हैं। क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अधिकारियों का कहना है कि किसानों को भुगतान की प्रक्रिया लगातार जारी है। भुगतान तिथि के बाद खरीद केंद्र पर नहीं पहुंचने वाले काश्तकारों को खरीद केंद्र की ओर से कॉल किया जा रहा है, ताकि किसान को आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़े।


