जिला कलेक्टर कानाराम के निर्देशन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को खण्ड भादरा की पीएचसी भिरानी, खण्ड हनुमानगढ़ की पीएचसी मक्कासर, खण्ड नोहर की पीएचसी धानसिया, खण्ड पीलीबंगा की पीएचसी खोथांवाली, खण्ड रावतसर की पीएचसी केलनिया, खण्ड संगरिया की पीएचसी हरीपुरा एवं खण्ड टिब्बी की पीएचसी सिलवाला खुर्द में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में सैकड़ों मरीजों ने उपचार के लिए पंजीकरण करवाया। शिविरों में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, योग्य दम्पति जिन्हें परिवार कल्याण के साधन उपलब्ध करवाए गए। मधुमेह, रक्तचाप, नाक-कान व गला के मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त अन्यों को भी जांच एवं उपचार दिया गया। शिविर में चिकित्सक, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फार्मासिस्ट और नर्सिंगकर्मी रहे। इन शिविरों में कई प्रकार की जांच सुविधा निशुल्क उपलब्ध रही। इसमें ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच शामिल रहीं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने खण्ड पीलीबंगा की पीएचसी खोथांवाली में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 15 दिसम्बर से प्रथम चरण में सभी पीएचसी पर मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाए जा रहे हैं। द्वितीय चरण में पंचायत समिति स्तर पर सीएचसी में शिविर लगेंगे। अंतिम व तृतीय चरण में जिला स्तर पर रैफरल कैंप आयोजित होगा। यह शिविर 31 जनवरी 2025 तक चलेंगे। सप्ताह में मंगलवार, बुधवार व शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को खण्ड भादरा की पीएचसी भिरानी, खण्ड हनुमानगढ़ की पीएचसी मक्कासर, खण्ड नोहर की पीएचसी धानसिया, खण्ड पीलीबंगा की पीएचसी खोथांवाली, खण्ड रावतसर की पीएचसी केलनिया, खण्ड संगरिया की पीएचसी हरीपुरा एवं खण्ड टिब्बी की पीएचसी सिलवाला खुर्द में शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने पीएचसी खोथांवाली में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में 220 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके थे। शिविर स्थल पर सभी काउंटर चैक किए गए। शिविर में ई-संजीवनी पोर्टल पर ई-कंसलटेंसी का कार्य किया जा रहा था। आभा आईडी जनरेट करवाई जा रही थी। साथ ही आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। शिविर में दो चिकित्सकों ने उपस्थित रहकर ओपीडी में मरीजों की जांच की। गोलूवाला सीएचसी से सीबीसी मशीन मंगवाकर जांच करवाई गई। टीबी से संबंधित मरीज भी चिह्नित किए गए। इनकी एक्स-रे जांच करवाई जाएगी। सीएमएचओ ने आमजन से अपील की कि पीएचसी पर आयोजित होने वाले शिविर से पहले दो दिन पहले प्री-कैम्प एक्टिविटी में राज्य सरकार की सेवाओं में शत प्रतिशत पंजीयन करवाएं। जिस दिन शिविर आयोजित हो रहा है उस दिन जो भी स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं हैं उनका लाभ उठाएं। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि मेडिकल टीम को निर्देशित किया गया है कि शिविर से तीन दिन पहले गतिविधि शुरू की जाए। टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड वितरण सहित अन्य कार्य शत प्रतिशत पूरा किया जाए। शिविर के दौरान इसे अंतिम रूप दिया जाए।


