1062 करोड़ का लोन लेगा केडीए:सड़क नेटवर्क में सुधार के लिए तीसरी बैठक में हुआ फैसला, लोन से डेवलपमेंट सौन्दर्यकरण कराएगा

कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) कोटा के इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट एवं सड़क नेटवर्क में सुधार के लिए लोन लेगा। इस सम्बंध में केडीए अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की अगुवाई में केडीए की तीसरी बैठक हुई। बैठक में नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (एनसीआरपीबी) से एक हजार 62 करोड़ का लोनवलिए जाने का अनुमोदन किया गया। बैठक में हाउसिंग एण्ड अर्बन डवलपमेंट कॉर्पोरेशन (हुडको) से कंसल्टेंसी कार्य करवाए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इन जगहों का होगा विकास
केडीए अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बताया कि हुडको की कंसल्टेंसी में एमबीएस हॉस्पिटल के कैम्पस का मास्टर प्लान व नवीनीकरण, ऑडिटोरियम का निर्माण, मिनी सचिवालय, स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का नवीनीकरण, जिला परिषद के नवीन मीटिंग हॉल, ईडब्ल्यूएस/ एलआईजी/एमआईजी, अर्फोडेबल आवासों का निर्माण, नवीन ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के सामने फ्लाईओवर का निर्माण, धर्मपुरा रोड़ पर, राष्ट्रीय राजमार्ग पर अण्डरपास का निर्माण करवाया जाएगा। मुख्य सड़कों जिनमे बूंदी रोड, बारां रोड, झालावाड़ रोड, नान्ता रोड, कैथून रोड, रावतभाटा रोड का सौन्दर्यकरण का कार्य किया जाएगा। विभिन्न पार्कों के सौन्दर्यकरण, संविधान पार्क का निर्माण, कोटड़ी तालाब एवं रायपुरा तालाब एवं किशोर सागर तालाब के सौन्दर्यकरण के कार्य की डीपीआर तैयार की जाएगी। डीपीआर अनुमोदित होने के बाद आवश्यक लोन राशि के लिए प्राधिकरण द्वारा हुडको में आवेदन किया जाएगा।
शहर के दुर्घटना संभावित स्थलों को ब्लैक स्पॉट के चिन्हीकरण के लिए केन्द्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर) नई दिल्ली को कंसल्टेंसी कार्य की स्वीकृति दी गई। सीएसआईआर द्वारा दी गई प्रोजेक्ट रिपोर्ट के आधार पर केडीए कार्य करेगा। प्राधिकरण की विभिन्न शाखाओं में कार्य व्यवस्थार्थ कंसल्टेंट नियुक्त का प्रस्ताव भी बैठक में अनुमोदित किया गया। केडीए की तीसरी बैठक में बूंदी कलेक्टर अक्षय गोदारा, केडीए सचिव कुशल कोठारी, नगर निगम कोटा दक्षिण के महापौर राजीव अग्रवाल उप सचिव हर्षित वर्मा, भूमि अवाप्ति अधिकारी मालविका त्यागी, निदेशक अभियांत्रिकी रविन्द्र माथुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *