मूणत का अनुलोम-विलोम, विकास का सर्वांगासन:तस्वीरों में देखिए नेताओं का योग, सामाजिक संस्था के लोगों ने भी दिया फिट रहने का संदेश

पूरे प्रदेश में हर आम और खास आदमी ने शनिवार को योग किया। प्रदेश के भाजपा और कांग्रेस नेता भी योग करते दिखे। सोशल मीडिया पर सभी ने अपनी तस्वीरें शेयर कीं। रायपुर के विधायक राजेश मूणत ने भाजपा के जिला कार्यालय में योग किया। वो अनुलोम-विलोम करते दिखे। इनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय जिम में सर्वांगासन किया। डॉ रमन सिंह ने किया योग छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने योग करते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा- स्वस्थ तन-मन, प्रसन्न जीवन, योग है आधार… योग हमारे सांस्कृतिक इतिहास की वो धरोहर है, जिससे हमारे पूर्वजों ने युगों-युगों तक अपने स्वास्थ्य में नव ऊर्जा और जीवन में नवीन उमंग प्राप्त की है। आज के अवसर पर प्रकृति के बीच योग अभ्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे पारंपरिक योग को वैश्विक अभियान बनाकर सिर्फ़ भारत ही नहीं बल्कि समस्त मानव समाज को योग के प्रति प्रेरित करने का कार्य किया है। डिप्टी CM विजय शर्मा का योग उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कवर्धा में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेकर योग क्रियाएं की। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया। उनका संदेश न केवल प्रेरणादायक था, बल्कि जन-जन को योग अपनाने की भावना से भी ओतप्रोत था। आज भारत ही नहीं विश्व में भी योग ने लोगों को एक स्वस्थ्य जीवन की ओर अग्रसर किया है। तस्वीरों में देखिए रायपुर में इन जगहों पर हुआ योग पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में शनिवार को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर “योगा फॉर रीजुवेनेशन” विषय पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र, कार्यालय अधिष्ठाता छात्र कल्याण और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कुलपति ने कहा– “योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवनदायिनी प्रक्रिया है”। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला की मुख्य आतिथ्य में हुआ। रायपुर सेंट्रल जेल में 500 बंदियों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रायपुर के केंद्रीय जेल परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। जेल के मैदान में आयोजित इस शिविर में लगभग 500 बंदियों ने भाग लिया। योग अभ्यास सुबह 7:00 बजे से 8:15 बजे तक चला, जिसमें बंदियों को मानसिक तनाव, नकारात्मक विचारों और अवसाद जैसी समस्याओं से छुटकारा दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षण ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान आदि का अभ्यास कराया। साथ ही इनके मानसिक और शारीरिक लाभ बताए। कार्यक्रम के दौरान उप महानिरीक्षक एसएस तिग्गा और जेल अधीक्षक योगेश सिंह भी उपस्थित रहे। रायपुर हॉकी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने किया योगाभ्यास अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम (पिच-2) में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से भव्य योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित रायपुर की आवासीय एवं गैर-आवासीय खेल अकादमियों के लगभग 250 खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे हुई, जिसमें मुख्य योग प्रशिक्षक नरेंद्र कुमार ने योगासन की विभिन्न मुद्राएं सिखाईं। अभ्यास के दौरान अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, योग निद्रा, शवासन और शांतिपाठ जैसे चरणबद्ध योग सत्र कराए गए। मुख्य प्रशिक्षक के साथ जितेन्द्र वर्मा और समर्थ पाध्ये ने डेमो दिया। योग दिवस पर सफाई कर्मियों के साथ पार्षद और भाजपा उपाध्यक्ष ने संग योग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वार्ड 57 भगवती चरण वार्ड में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस आयोजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष ललित जैसिंघ और वार्ड पार्षद अमर गिदवानी भी शामिल हुए। योग शिक्षक मधु बहादुर सिंह ने योग के महत्व को समझाते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और ऊर्जा का भी स्रोत है। कार्यक्रम में ललित जैसिंघ ने सभी से योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। पार्षद अमर गिदवानी ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पहल से वार्ड के नागरिकों और सफाई कर्मियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस मौके पर बबला होतवानी, धनेश मटलानी, रितेश वाधवा, तेजकुमार बजाज, गायत्री देवांगन सहित वार्ड के अनेक नागरिक और सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। योग अभ्यास के माध्यम से सभी ने स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *